1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. आईपीएल 2011

शानदार फील्डिंग और गेंदबाजी से जीते : सचिन

आईपीएल 4
मुंबई इंडियंस के कप्तान सचिन तेंडुलकर ने किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ मिली 23 रन की जीत का श्रेय अपनी टीम की बेहतरीन गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण को दिया।

सचिन ने मैच के बाद कहा हम पंजाब के सामने एक अच्छा स्कोर रखना चाहते थे लेकिन हम 10-15 रन पीछे रह गए। इसके बावजूद हमारे फील्डरों ने बेहतरीन क्षेत्ररक्षण और गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी कर इस स्कोर का बचाव कर लिया।

उन्होंने कहा आप अच्छी गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण से 160 के स्कोर का भी बचाव कर सकते हैं लेकिन इसके लिए आपके गेंदबाजों को सही जगह पर गेंद डालने की जरूरत होती है। यदि आप अच्छी गेंदबाजी नहीं करते हैं तो आप 180 के स्कोर का भी बचाव नहीं कर सकते।

सचिन ने 'मैन ऑफ द मैच' कीरोन पोलार्ड की जमकर सराहना करते हुए कहा कि वह लाजवाब खिलाड़ी हैं। कप्तान ने कहा पोलार्ड ने कुछ जबरदस्त छक्के लगाए। शानदार गेंदबाजी कर विकेट निकाले और फील्डिंग में तो वह मैदान के हर कोने में छाए हुए थे। उनकी ग्राउंड फील्डिंग वाकई लाजवाब थी।

ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह की सराहना करते हुए सचिन ने कहा कि उन्होंने काफी अच्छी गेंदबाजी की और साथ ही दूसरे गेंदबाजों ने भी पंजाब के बल्लेबाजों को खुलने का कोई मौका नहीं दिया। मुंबई के एक बार फिर अंक तालिका में चोटी पर पहुंच जाने के बारे में सचिन ने मुस्कुराते हुए कहा कि यही वह जगह है जहां हम बने रहना चाहते हैं और आगे भी बने रहेंगे।

'मैन ऑफ द मैच' पोलार्ड ने कहा आज का दिन मेरा दिन था और मुझे खुशी है कि मैंने टीम को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। यह पूछने पर कि उन्हें बल्लेबाजी में ज्यादा मौका नहीं मिल पा रहा है?

पोलार्ड ने कहा टॉप आर्डर के बल्लेबाज ही अपना काम कर रहे हैं इसलिए मुझे ज्यादा मौका नहीं मिल रहा है लेकिन मुझे कोई परेशानी नहीं है। मैं खुश हूं कि मैं टीम की जीत में अपना योगदान दे रहा हूं। जब तक टीम जीत रही है. इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि आपको ज्यादा मौका मिल रहा है या नहीं।

मुंबई को अपने घर की तरह बताते हुए पोलार्ड ने कहा कि यहां के दर्शकों से उन्हें भरपूर समर्थन मिल रहा है, जिससे वह मुंबई को अपने घर जैसा महसूस कर रहे हैं। (वार्ता)
लेखक के बारे में
वार्ता