1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. आईपीएल 2011

लय कायम रखने की कोशिश करेगी दिल्ली

आईपीएल
सत्र की खराब शुरुआत के बाद धमाकेदार वापसी करने वाली दिल्ली डेयरडेविल्स की टीम आज यहाँ फिरोजशाह कोटला में डेक्कन चार्जर्स के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग के टी20 क्रिकेट मैच में आत्मविश्वास से लबरेज होगी और इस विजयी लय को जारी रखने की कोशिश करेगी।

वीरेंद्र सहवाग की अगुवाई वाली टीम मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ दो मुकाबले में पूरी तरह से रंगहीन दिखायी दी लेकिन बीती रात मुंबई में उन्होंने 188 रन के असंभव लक्ष्य का पीछा करते हुए तीन विकेट से जीत दर्ज कर आलोचकों को चुप कर दिया।

इस मैच में आखिरकार डेविड वॉर्नर (46), सहवाग (37), वेणुगोपाल राव (31) और आरोन फिंच (25) का बल्ला बोल गया जिससे दिल्ली ने जीत दर्ज की जिसकी उसे सख्त जरूरत थी। मेजबान टीम कल डेक्कन चार्जर्स के खिलाफ फिर से उम्मीद कर रही होगी कि सहवाग और सलामी जोड़ीदार वॉर्नर मजबूत नींव प्रदान करें।

सलामी बल्लेबाजों के अलावा दिल्ली की टीम वेणुगापोल, फिंच और जेम्स होप्स से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद लगाए होगी, साथ ही वह चाहेगी कि इरफान पठान बल्ले और गेंद दोनों से आक्रामक प्रदर्शन करें जो चोट के बाद क्रिकेट में वापसी कर रहे हैं।

दिल्ली को अगर डेक्कन चार्जर्स के कप्तान कुमार संगकारा, जेपी डुमिनी, भरत चिपली और शिखर धवन का सामना करना है तो उन्हें गेंदबाजी विभाग में अपनी धार तेज करनी होगी।

मोर्ने मोर्कल के अलावा कोई भी गेंदबाज अभी तक टूर्नामेंट में विपक्षी टीम के लिए खतरा नही बन सका है और अगर यह चोटिल दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज कल अंतिम एकादश में शामिल नहीं होता तो टीम अशोक डिंडा, शाहबाज नदीम और पठान से उनकी काबिलियत साबित करने की आशा लगाए होगी।

दिल्ली डेयरडेविल्स यहां घरेलू दर्शकों के सामने शानदार वापसी करने की कोशिश करेगी, इससे पहले उन्हें यहाँ हुए शुरूआती मैच में मुंबई इंडियंस से करारी शिकस्त का मुँह देखना पड़ा था जब टीम केवल 95 रन पर सिमट गई थी।

डेक्कन चार्जर्स के खिलाफ दिल्ली निश्चित रूप से प्रबल दावेदार के रूप में शुरुआत करेगी क्योंकि विपक्षी टीम ने अब तक चार में से केवल एक मैच जीता है, लेकिन वह प्रतिद्वंद्वी टीम को हल्के में लेकर मौका हाथ से जाने की गलती नहीं कर सकती।

हैदराबाद की टीम अगर कल हार जाती है तो उसके लिए टूर्नामेंट की डगर काफी कठिन हो जाएगी, इसलिए उसे सभी विभागों में बेहतरीन प्रदर्शन करना होगा।

रायल चैलेंजर्स बेंगलोर पर 33 रन की जीत के अलावा डेक्कन चार्जर्स अभी तक आईपीएल के सत्र में प्रभावित नहीं कर सकी है। टीम हालाँकि अपने खिलाड़ियों की काबिलियत से अच्छी तरह वाकिफ हैं और जल्द से जल्द लय में लौटने के लिए बेकरार है।

बल्लेबाजी विभाग में संगकारा, डुमिनी, डेनियल क्रिस्टियन, धवन, इशांक जग्गी और चिपली जैसे बल्लेबाजों को सही समय पर एकजुट प्रदर्शन करने की जरूरत है।

जहां तक गेंदबाजी का संबंध है, टीम दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज डेल स्टेन और मनप्रीत गोनी से महत्वपूर्ण योगदान की जबकि ईशांत शर्मा, क्रिस्टियन और अमित मिश्रा से भी आक्रामक गेंदबाजी की उम्मीद कर रही होगी। (भाषा)
लेखक के बारे में
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।.... और पढ़ें