रॉयल्स ने रोका मुंबई का विजय रथ
WD
बोथा को गेंदबाजी के कारण दक्षिण अफ्रीका और राजस्थान रॉयल्स की टीम में जगह मिली हुई है लेकिन वॉर्न ने उनकी बल्लेबाजी हुनर का भी पूरा उपयोग किया है। बोथा भी अपने कप्तान के विश्वास पर पूरी तरह खरे भी उतरे।
उन्होंने पहले दो ओवर में छह रन देकर तीन विकेट लेकर मुंबई को आठ विकेट पर 94 रन पर रोकने में अहम भूमिका निभाई और बाद में बल्लेबाजी के लिए मुश्किल सवाई मानसिंह स्टेडियम की पिच पर 39 गेंद पर 44 रन की सधी हुई पारी खेली। रॉयल्स ने 18.1 गेंद पर तीन विकेट पर 95 रन बनाकर अपनी चौथी जीत दर्ज की।
मुंबई की यह तीन जीत के बाद पहली हार है। वह सात मैच में 10 अंक लेकर अब भी शीर्ष पर बना हुआ है जबकि रॉयल्स के आठ मैच में 9 अंक हो गए हैं और वह फिर से दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।
मुंबई की हार के लिए बल्लेबाज जिम्मेदार रहे, जिससे उसने आईपीएल में अपना न्यूनतम स्कोर बनाया। बल्लेबाजी का न्यौता पाने वाली सचिन तेंडुलकर की टीम के पांच बल्लेबाज दोहरे अंक में पहुंचे लेकिन कोई भी 20 रन की संख्या भी नहीं छू पाया।
दूसरी तरफ शेन वॉर्न की अगुआई में रॉयल्स के गेंदबाजों विशेषकर स्पिनरों ने कसा हुआ प्रदर्शन किया। बोथा के अलावा बाएँ हाथ के स्पिनर अशोक मनेरिया ने 20 रन देकर दो विकेट चटकाए।
स्वयं वॉर्न ने चार ओवर में 13 रन दिए और एक विकेट हासिल किया। मध्यम गति के गेंदबाज अमित सिंह ने भी चार ओवर में 14 रन देकर दो विकेट निकाले।
आठ ओवर तक रॉयल्स का स्कोर केवल 26 रन था। बोथा ने ऐसे मौके पर छक्का जड़कर रन गति कुछ तेज की। हरभजन सिंह के इस ओवर में 11 रन बने। शेन वॉटसन (26) ने कीरेन पोलार्ड को ऐसा ही सबक सिखाया लेकिन लसिथ मालिंगा की शार्ट पिच गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर के दस्तानों में समा गई।
पिच बल्लेबाजी के लिए आसान नहीं थी लेकिन गेंदबाजी ऑलराउंडर बोथा ने दिखाया कि इस पर कैसे बल्लेबाजी की जानी चाहिए। जब दूसरे छोर पर उनके साथी रोस टेलर को भी हरभजन एंड कंपनी को खेलने में परेशानी हो रही थी, तब बोथा ने एक दो रन लेकर मुंबई के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा।
मुनाफ ने बोथा को बोल्ड किया लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। रॉयल्स को जीत के लिएतब 16 गेंद पर पांच रन चाहिए थे। मनेरिया ने चौका लगाकर बराबरी की और रोस टेलर (नाबाद 13) ने विजयी रन बनाया।
इससे पहले बल्लेबाजी का न्यौता पाने वाले मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजों को शुरू से ही संघर्ष करना पड़ा। तेंडुलकर गच्चा खा गए, अंबाती रायुडु और रोहित शर्मा नहीं चले जबकि कीरेन पोलार्ड और एंड्रयू साइमंड्स जैसे धुरंधरों ने पूरी तरह निराश किया।
वॉर्न ने मनेरिया को नई गेंद सौंपी। तेंडुलकर ने जब उनकी दूसरी गेंद ही कवर प्वाइंट से चार रन के लिए भेजी और दूसरे सलामी बल्लेबाज डेवी जैकब्स (15) ने वॉटसन पर छक्का जड़ा तो मुंबई के प्रशंसक चहकने लगे।
मुंबई को रायुडु (11) और रोहित (13) जैसे संकटमोचक भी दबाव से नहीं उबार पाए। इन दोनों ने 24 गेंद तक विकेट नहीं गिरने दिया लेकिन इस बीच केवल 18 रन बने। मनेरिया ने रायुडु को अपना दूसरा शिकार बनाया जो धीमी गेंद पर वापस गेंदबाज को कैच दे बैठे। वॉर्न ने अपने पहले ही ओवर में रोहित को पवेलियन भेजा जिन्होंने लाफ्टेड ड्राइव खेलकर सीमा रेखा पर कैच थमाया।
अब दो धाकड़ बल्लेबाज पोलार्ड और साइमंड्स क्रीज पर थे। पोलार्ड को इस मैच से पहले इस आईपीएल में केवल तीन गेंद खेलने का मौका मिला था और उनके पास जौहर दिखाने का बढिया मौका था। लेकिन वॉर्न और वॉटसन की ऑस्ट्रेलियाई जोड़ी के सामने पोलार्ड क्या साइमंड्स की भी नहीं चली। ये दोनों जब क्रीज पर थे तो तब 32 गेंद पर केवल 18 रन बने।
क्या कोई विश्वास करेगा कि पोलार्ड 15 गेंद खेलने के बावजूद चार रन बना पाए। बोथा ने उनकी संघषर्पूर्ण पारी का अंत करने के बाद साइमंड्स को भी पैवेलियन भेजा, जिन्होंने 17 रन के लिए 26 गेंद खर्च की।
बोथा ने इसी ओवर में आर. सतीश को भी आउट किया। हरभजन सिंह (नाबाद 10) ने पारी की आखिरी गेंद पर छक्का जड़ा, जिससे स्कोर नाइंटीज में पहुंचा लेकिन इससे पहले उन्होंने आधा रन लेकर खेल भावना की धज्जियां भी उड़ाई।(भाषा)

