मेरा काम लोगों का मनोरंजन करना : गेल
WD
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर की तरफ से खेल रहे गेल ने अपनी पूर्व टीम कोलकाता नाइटराडर्स के खिलाफ सैकड़ा जड़ने के बाद कहा, ‘ मैं मनोरंजन करने वाला हूँ। जब आप लोगों का मनोरंजन नहीं करते वे आप पर कुपित हो जाते हैं। मैं जानता हूँ कि केकेआर का भाग्य अच्छा नहीं था लेकिन मुझे विश्वास है कि दर्शकों ने उन छक्कों का लुत्फ उठाया होगा जो मैंने लगाए।'
गेल ने कहा कि ईडन गार्डन्स पर खेलने का मैंने हमेशा लुत्फ उठाया। दर्शक भी ट्वेंटी-20 में बड़े शॉट देखने के लिए ही आते हैं।’ गेल को आईपीएल की नीलामी में किसी फ्रेंचाइजी ने नहीं खरीदा। वह जब अपना 'मैन ऑफ द मैच' का पुरस्कार लेने के लिए गए तो उन्होंने केकेआर के सह मालिक जय मेहता को गले लगाया।
गेल को हाल में वेस्टइंडीज टीम से निकाल दिया गया था। बाएँ हाथ के इस बल्लेबाज ने कहा कि उन्होंने विश्वकप के बाद बल्ला नहीं उठाया। उन्होंने कहा, ‘टूर्नामेंट में आने से पहले मैंने अभ्यास नहीं किया था। मैंने विश्वकप के बाद पहली बार बल्ला पकड़ा, लेकिन ईश्वर महान है और यह मेरे लिए अच्छी शुरुआत है।’
उन्होंने स्वीकार किया कि जब विराट कोहली ने चौका जड़ा तो वह नर्वस हो गए थे। उन्होंने कहा, ‘मैं उनके पास गया और मैंने उससे कहा कि प्रत्येक गेंद रक्षात्मक रूप से खेले। असल में कोहली और दिलशान ने मुझ पर से काफी दबाव हटाया। हमारी टीम शानदार है। मेरे और दिलशान के बीच अच्छा तालमेल था।’ (भाषा)

