1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. आईपीएल 2011

मुंबई की सातवीं जीत, पुणे की सातवीं हार

आईपीएल 4
PTI
टी सुमन (36) और कीरोन पोलार्ड (29) की जोरदार पारियों के बाद लसित मलिंगा (25/3) की अगुआई में गेंदबाजों के सधे प्रदर्शन से मुंबई इंडियंस ने पुणे वारियर्स को 21 रन से हराकर आईपीएल में फिर से चोटी का स्थान हासिल कर लिया। मुंबई के रोहित शर्मा को 7 रन पर 2 विकेट और 12 रन बनाने के कारण 'मैन औफ द मैच' चुना गया।

मुंबई ने सात विकेट पर 160 रन बनाने के बाद पुणे को पहली ही गेंद से संघर्ष में नहीं टिकने दिया। पुणे की टीम सात विकेट पर 139 रन ही बना सकी और उसे टूर्नामेंट में लगातार सातवीं पराजय झेलने के लिए मजबूर होना पड़ा। पुणे का अब प्लेआफ में पहुंचना लगभग असंभव हो गया है।

गत उपविजेता मुंबई नौ मैचों में सातवीं जीत हासिल करते हुए 14 अंकों के साथ अंक तालिका में चोटी पर पहुंच गई है जबकि पुणे नो मैचों में लगातार सातवीं हार झेलकर तालिका में दसवें और आखिरी स्थान पर टिकी हुई है।


पुणे पहली ही गेंद पर जेसी राइडर को गंवाने के झटके से नहीं उबर सकी। ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने यह विकेट झटका। टीम में लौटे दक्षिण अफ्रीका के ग्रीम स्मिथ छह रन बनाकर मुनाफ पटेल की गेंद पर आउट हुए।

ओपनर मनीष पांडे ने एकतरफा संघर्ष किया और शानदार अर्धशतक बनाया लेकिन दूसरे छोर से सहयोग न मिलने के कारण वह टीम को जीत की मंजिल पर नहीं ले जा सके। अभिषेक झुनझुनवाला दस और कप्तान युवराजसिंह एक चौके तथा दो छक्के के सहारे 20 रन बनाकर आउट हुए।

पांडे 47गेंदों में चार चौकों और तीन छक्कों की मदद से 59 रन बनाकर 19 वें ओवर में मलिंगा का दूसरा शिकार बने। पांडे के आउट होते ही वारियर्स की उम्मीदें समाप्त हो गई। रॉबिन उथप्पा ने दो छक्कों की मदद से नाबाद 34 रन बनाए। मलिंगा ने 25 रन देकर तीन विकेट लिए जबकि हरभजन, मुनाफ और पोलार्ड को एक-एक विकेट मिला।

इससे पहले पुणे ने कप्तान युवराज सिंह के दोहरे प्रहारों और राहुल शर्मा की कंजूसी भरी गेंदबाजी तथा दो विकेटों से एक समय मुम्बई पर अंकुश लगा दिया था लेकिन पोलार्ड ने अलफांसो थामस के पारी के 19वें ओवर में 28 रन बटोरकर मुम्बई को 160 तक पहुंचा दिया।

पोलार्ड ने थामस के इस ओवर में दो चौके और एक छक्का ठोका जबकि हरभजन सिंह ने भी एक छक्का लगाया। पोलार्ड 21 गेंदों में दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 29 रन बनाकर पारी की आखिरी गेंद पर जेरोम टेलर का शिकार बने। युवराज ने पोलार्ड का कैच लपका।

पुणे ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। ऐडन ब्लिजार्ड छह रन बनाकर जल्दी आउट हो गए, लेकिन कप्तान सचिन तेंडुलकर (24) और अम्बारी रायुडू (27) ने दूसरे विकेट के लिए 40 रन जोड़े। (वार्ता)
लेखक के बारे में
वार्ता