1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. आईपीएल 2011

मुंबई इंडियंस की रोमांचक जीत

आईपीएल
WD
रोहित शर्मा (87) की विस्फोट पारी और 'मैन ऑफ द मैच' हरभजन सिंह (18 रन पर पाँच विकेट) की घातक गेंदबाजी से गत उपविजेता मुंबई इंडियंस ने र्चैम्पियन चेन्नई सुपरकिंग्स को आईपीएल मैच में 8 रन से चित कर दिया।

रोहित ने मात्र 48 गेंदों में आठ चौकों और पाँच छक्कों की मदद से 87 रन ठोककर मुंबई को चार विकेट पर 164 रन के मजबूत स्कोर तक पहुँचाया।

हरभजन ने आईपीएल की अपनी सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 18 रन पर पाँच विकेट लेकर चेन्नई को टूर्नामेंट में तीसरी हार झेलने के लिए मजबूर कर दिया। चेन्नई नौ विकेट पर 156 रन ही बना सकी। मुंबई पाँच मैचों में चौथी जीत हासिल कर अंक तालिका में 8 अंकों के साथ शीर्ष पर पहुँच गया।

हरभजन ने 18वें ओवर में तीन विकेट लेकर चेन्नई का संघर्ष समाप्त कर दिया। ओपनर माइक हसी (41) और सुब्रमण्यम बद्रीनाथ (नाबाद 71) को छोड़कर अन्य कोई बल्लेबाज विकेट पर नहीं टिक पाया। मुरली विजय 12, सुरेश रैना 5 और कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी 3 रन ही बना सके।

हरभजन ने रैना, श्रीकांत अनिरुद्ध, एल्बी मोर्कल, आर. अश्विन और जोगिन्दर शर्मा को अपना शिकार बनाया। कीरोन पोलार्ड और रोहित ने दो कमाल के कैच लपके। पोलार्ड ने हसी का और रोहित ने धोनी का कैच लपका। बद्रीनाथ ने 48 गेंदों पर नाबाद 71 रन की पारी में सात चौके और दो छक्के लगाए।

हरभजन के पंजे के अलावा लसित मलिंगा ने 20 रन पर दो विकेट लिए। मुनाफ पटेल और पोलार्ड को एक-एक विकेट मिला। इससे पहले रोहित शर्मा (87) की विस्फोटक पारी और उनकी एंड्रयू साइमंड्स (नाबाद 31) के साथ चौथे विकेट के लिए 87 रन की साझेदारी की मदद से मुंबई इंडियंस ने चार विकेट पर 164 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया था।

रोहित ने मुंबई को आर.सतीश (0) और कप्तान सचिन तेंडुलकर (5) के रूप में लगे दो शुरुआती झटकों से उबारा और अम्बाटी रायडू (27) तथा साइमंड्स के साथ दो महत्वपूर्ण साझेदारियाँ कीं। रोहित ने 48 गेंदों पर 87 रन की अपनी पारी में आठ चौके और पाँच छक्के लगाए। वह आखिरी ओवर में डग बोलिंजर की गेंद पर लांग ऑन सीमारेखा पर माइक हसी के हाथों लपके गए।

साइमंड्स ने उपयोगी पारी खेलते हुए 26 गेंदों पर नाबाद 31 रन की पारी में एक चौका और दो छक्के लगाए। रायडू ने अपनी 27 रन की पारी में चार चौके लगाए। चेन्नई के कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया था। मुम्बई की शुरुआत खराब रही। आर. सतीश खाता खोले बिना एल्बी मोर्कल की गेंद पर श्रीकांत अनिरुद्ध को कैच थमा बैठे।

जोरदार फॉर्म में चल रहे सचिन ने बोलिंजर की उठती गेंद को पुल करने की कोशिश की और हसी को आसान कैच दे बैठे। सचिन ने सिर्फ पाँच रन बनाए और मुम्बई का दूसरा विकेट 13 के स्कोर पर गिरा। रोहित ने रायडू के साथ तीसरे विकेट के लिए 61 रन जोड़े। रोहित ने बेहतरीन बल्लेबाजी की। रोहित ने जोगिन्दर शर्मा, सूरज रणदीव, डग बोलिंजर की गेंदों पर एक-एक तथा सुरैश रैना की गेंदों पर दो छक्के जड़े।

रणदीव ने रायुडू को विकेटकीपर धोनी से स्टम्प कराया, लेकिन रोहित और साइमंड्स ने चौथे विकेट के लिए 87 रन की साझेदारी कर मुम्बई को लड़ने लायक स्कोर दे दिया। चेन्नई की तरफ से बोलिंजर ने 30 रन पर दो विकेट लिए जबकि मोर्कल और रणदीव को एक-एक विकेट मिला। (वार्ता)
लेखक के बारे में
वार्ता