1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. आईपीएल 2011

पुणे वारियर्स की लगातार पांचवीं हार

आईपीएल 4
PTI
शानदार फॉर्म में चल रहे विराट कोहली के आक्रामक अर्धशतक के दम पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने पुणे वारियर्स को आईपीएल के मैच में 26 रन से हरा दिया। युवराजसिंह की टीम की यह लगातार पांचवीं हार है, जिससे सेमीफाइनल में प्रवेश की राह अब बेहद मुश्किल हो गई है।

कोहली के 67 और क्रिस गेल के 49 रन की बदौलत आरसीबी ने अपने घरेलू मैदान पर पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 181 रन बनाए। जवाब में पुणे के बल्लेबाजों का लचर प्रदर्शन जारी रहा और टीम 20 ओवर में पांच विकेट पर 155 रन ही बना सकी। सलामी बल्लेबाज जेसी राइडर ने 51 और युवराज ने 41 रन की पारी खेली।

इस हार के बाद पुणे के सात मैचों में सिर्फ चार अंक है और अंक तालिका में वह नीचे से दूसरे स्थान पर है। वहीं बेंगलोर के सात मैचों में नौ अंक हो गए हैं, जिससे वह पांचवें स्थान पर पहुंच गई है।

इससे पहले दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ पिछले मैच में भी अर्धशतक जमाने वाले कोहली ने 42 गेंद में चार चौकों और चार छक्कों की मदद से 67 रन बनाए। वहीं गेल ने 26 गेंद में 49 रन खेले, जिसमें चार चौके और चार छक्के शामिल थे।

पुणे के कप्तान युवराज सिंह ने टॉस जीतकर क्षेत्ररक्षण का फैसला किया जो गलत साबित होता नजर आने लगा। आईपीएल चार के अपने पहले ही मैच में शतक जमा चुके वेस्टइंडीज के आक्रामक बल्लेबाज क्रिस गेल ने उसी अंदाज में शुरूआत करते हुए पुणे के गेंदबाजों खासकर कामरान खान की जमकर धुनाई की।

आईपीएल चार में अपना पहला मैच खेल रहे कामरान को तीसरे ओवर में गेंद मिली लेकिन गेल ने उनकी जमकर धुनाई करते हुए दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 20 रन ले डाले।

आईपीएल में शेन वॉर्न के ‘टोरनेडो’ के नाम से मशहूर हुए राजस्थान रॉयल्स के पूर्व तेज गेंदबाज को छठे ओवर में भी गेल ने दो छक्के और एक चौका जमाया। सातवें ओवर में पुणे को राहुल शर्मा ने पहली सफलता दिलाई जब सलामी बल्लेबाज तिलकरत्ने दिलशान उनकी गेंद पर बोल्ड हो गए। बेंगलोर का पहला विकेट 57 रन पर गिरा।

गेल अर्धशतक पूरा करने से एक रन से चूक गए। शर्मा ने उन्हें पगबाधा आउट करके पुणे को दूसरी सफलता दिलाई। इसके बाद कोहली और एबी डी'विलियर्स ने तीसरे विकेट के लिये 66 रन जोड़े, जिसमें से डी'विलियर्स ने 26 रन बनाए।

कोहली ने कामरान की फजीहत जारी रखते हुए 12वें ओवर में उसे छक्का लगाया। इसके बाद 15वें ओवर में शर्मा को एक छक्का और चौका लगाकर पुणे के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। इसके अगले ओवर में युवराज ने जेसी राइडर को गेंद सौंपी लेकिन वह भी महंगे साबित हुए।

पहले कोहली ने उन्हें दो चौके लगाए और फिर डी'विलियर्स ने छक्का लगाकर स्कोरबोर्ड को चलायमान रखा। इस साझेदारी को 17वें ओवर में अपना दूसरा स्पैल फेंकने आए दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाज अल्फोंसो थामस ने तोड़ा। फुलटॉस गेंद पर छक्का लगाने के प्रयास में डी'विलियर्स ने लांगआन पर शर्मा को कैच थमा दिया।

दूसरे छोर पर कोहली का कहर जारी था, जिसने 18वें ओवर में जेरोम टेलर को तीन गगनभेदी छक्के और एक चौका जड़ दिया। इस ओवर में 24 रन बने जो पारी का सबसे महंगा ओवर भी रहा।

इस पारी में कोहली ने आईपीएल में अपने 1000 रन पूरे कर लिए और मौजूदा सत्र में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में सचिन तेंडुलकर को पछाड़कर पहले नंबर पर पहुंच गए।

कोहली की पारी का अंत 19वें ओवर में थामस ने किया। मिडविकेट पर हरप्रीत सिंह ने उनका कैच लपका। आखिरी ओवर में सौरभ तिवारी (14) को टेलर ने हरप्रीत के हाथों ही लपकवाया। पुणे के लिए थामस और शर्मा ने दो दो विकेट लिए।

जवाब में पुणे के बल्लेबाजों ने एक बार फिर निराश किया। राइडर ने आक्रामक शुरुआत की लेकिन दूसरे छोर पर उन्हें साथ नहीं मिल सका। पारी की शुरूआत करने आए टिम पेन आठ रन बनाकर एस अरविंद का शिकार हो गए। पुणे का पहला विकेट छठे ओवर में 35 रन पर गिरा।

सैयद मोहम्मद ने अच्छे स्ट्रोक्स खेल रहे राइडर को आउट करके पुणे को एक और झटका दिया। राइडर ने 34 गेंद में चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 51 रन बनाए। अभी तक एक भी अच्छी पारी नहीं खेल सके मनीष पांडे को आरसीबी के कप्तान विटोरी ने तिवारी के हाथों लपकवाया।

अब सारी उम्मीदें युवराज पर थी जिन्होंने विटोरी को एक और सैयद मोहम्मद को दो छक्के लगाकर फिनिशर की भूमिका निभाने के संकेत भी दिए लेकिन गैर जिम्मेदाराना शाट खेलकर अपना विकेट गंवा बैठे।

अनुभवी जहीर खान ने 17वें ओवर में युवराज को मोहम्मद के हाथों लपकवाकर पुणे की सारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। युवराज ने 23 गेंद में 41 रन बनाए, जिसमें दो चौके और तीन छक्के शामिल थे। (भाषा)
लेखक के बारे में
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।.... और पढ़ें