पंजाब के खिलाफ दिल्ली की कड़ी परीक्षा
WD
चार मैचों में तीन शिकस्त के साथ दिल्ली की टीम अंक तालिका में सबसे नीचे चल रही है जबकि पंजाब की टीम लगातार तीन मैचों में जीत दर्ज कर चुकी है।
पुणे वॉरियर्स के खिलाफ मैच को छोड़े दें तो दिल्ली को उसके बल्लेबाजों ने निराश किया है। पुणे के खिलाफ टीम ने 180 रन से अधिक का लक्ष्य हासिल किया था।
चौथे टूर्नामेंट में दिल्ली नयी टीम के साथ उतरी है और उसे गौतम गंभीर और तिलकरत्ने दिलशान जैसे मैच विजेता खिलाड़ियों की कमी खल रही है जो अन्य फ्रेंचाइजियों से जुड़ गए हैं।
डेयरडेविल्स के पास सलामी बल्लेबाजों कप्तान वीरेंद्र सहवाग और डेविड वॉर्नर के अलावा कोई भरोसेमंद बल्लेबाज नहीं है। वेणुगोपाल राव, आरोन फिंच और ऑलराउंडर इरफान पठान की मौजूदगी में टीम का मध्यक्रम ठीक-ठाक है लेकिन ये सभी उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन करने में विफल रहे हैं।
सहवाग की खराब फार्म ने भी टीम की चिंता बढ़ा दी है और ऐसे में अन्य खिलाड़ियों पर बेहतर प्रदर्शन करके सलामी बल्लेबाजों के उपर से दबाव कम करने की जिम्मेदारी है।
नमन ओझा जैसे युवा भारतीय खिलाड़ियों और जेम्स होप्स जैसे विदेशी खिलाड़ियों को भी टीम में अपनी अहमियत साबित करनी होगी। मेजबान टीम की बल्लेबाजी कमजोर है। तेज गेंदबाज मोर्ने मोर्कल ही विरोधी बल्लेबाजों पर कुछ प्रभाव छोड़ने में सफल रहे हैं और टीम को उम्मीद होगी कि अशोक डिंडा, पठान और होप्स आगामी मैचों में बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
दूसरी तरफ किंग्स इलेवन पंजाब की टीम बेहतरीन फॉर्म में है। टीम के शीर्ष क्रम के अब तक अच्छा प्रदर्शन किया है जिससे मध्यक्रम के बल्लेबाजों की असल परीक्षा नहीं हो पाई है।
टीम के पास एडम गिलक्रिस्ट के रूप में प्रेरणादायी कप्तान है जिनकी अगुआई में डेक्कन चार्जर्स ने दूसरे सत्र में खिताब जीता था। टीम पहले ही चार्जर्स और गत चैम्पियन चेन्नई सुपरकिंग्स को हराकर उलटफेर कर चुकी है।
पंजाब ने कल राजस्थान रॉयल्स को भी एकतरफा मैच में 48 रन से शिकस्त दी थी। टीम का शीर्ष क्रम काफी अच्छी फॉर्म में हैं और दिल्ली को अगर वापसी करनी है तो विरोधी टीम के शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों को जल्द पैवेलियन भेजना होगा।
लेकिन गिलक्रिस्ट के अलावा पॉल वल्थाटी, शान मार्श और दिनेश कार्तिक भी अच्छी लय में हैं और ऐसे में शीर्ष क्रम को धवस्त करना आसान नहीं होगा।
पंजाब के गेंदबाजों ने भी कल दमदार प्रदर्शन किया था। तेज गेंदबजों प्रवीण कुमार और रेयान हैरिस ने गेंदबाजी में टीम को अच्छी शुरूआत दिलाई जिसके बाद स्पिनरों ने रॉयल्स के बल्लेबाजों पर अंकुश लगाया। (भाषा)

