1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. आईपीएल 2011

जीत की लय बरकरार रखने उतरेंगे नाइटराइडर्स

कोलकाता नाइटराइडर्स आईपीएल 4 किंग्स इलेवन दिल्ली डेयरडेविल्स
पिछले मैच में शानदार जीत से उत्साहित कोलकाता नाइटराइडर्स की टीम किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ आईपीएल-चार में शनिवार को जब यहाँ ईडन गार्डन मैदान पर उतरेगी तो उसका लक्ष्य जीत की लय बरकरार रखना होगा।

दिल्ली डेयरडेविल्स पर 17 रन से मिली जीत के बाद नाइटराइडर्स के हौसले बुलंद हैं। टीम ने सात मैचों में अब तक चार में जीत दर्ज की है और वह अंकतालिका में आठ अंकों के साथ मुंबई इंडियंस के बाद दूसरे स्थान पर है। दूसरी ओर किंग्स इलेवन पंजाब के पाँच मैचों से छह अंक हैं।

नाइटराइडर्स ने जहाँ पिछले मैच में डेयरडेविल्स को हराया था वहीं किंग्स इलेवन को डेयरडेविल्स के हाथों 29 रन से शिकस्त का सामना करना पड़ा था। नाइटराइडर्स के बल्लेबाज हालाँकि दिल्ली के खिलाफ 148 रन के मामूली स्कोर ही खड़ा कर पाए लेकिन उसके गेंदबाजों ने इस स्कोर का बखूबी बचाव किया।

पिछले तीन संस्करणों में कई दिग्गज सितारों की मौजूदगी के बावजूद फिसड्डी रही नाइटराइडर्स की टीम में गौतम गंभीर ने नई जान फूँक दी है। बल्लेबाजी में टीम के पास जैक्स कैलिस, यूसुफ पठान, मनोज तिवारी, इयोन मोर्गन और रेयान टेन डोशेट जैसे धुरंधर हैं जो किसी भी गेंदबाजी क्रम की धज्जियाँ उड़ा सकते हैं।

तिवारी ने डेयरडेविल्स के खिलाफ 61 रन की शानदार पारी खेली थी। हालाँकि यूसुफ पठान एक बार फिर बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे लेकिन अपने घरेलू मैदान पर नाइटराइडर्स को अपने बल्लेबाजों से धूमधड़ाके की उम्मीद रहेगी। (वार्ता)
लेखक के बारे में
वार्ता