गेल के तूफान में उड़ी शाहरुख की टीम
WD
गेल के तूफानी नाबाद शतक और तिलकरत्ने दिलशान के साथ दूसरे विकेट के लिए 123 रन की भागीदारी से रॉयल चैलेंजर्स ने नाइटराइडर्स का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य 11 गेंद शेष रहते हुए हासिल कर दिया।
बल्लेबाजी का न्यौता मिलने के बाद कोलकाता नाइटराइडर्स ने ईडन गार्डन्स पर पाँच विकेट गँवाकर 171 रन का स्कोर खड़ा किया लेकिन गेल (नाबाद 102 रन) की धुआँधार बल्लेबाजी के आगे यह लक्ष्य अदना सा लगा। रॉयल चैलेंजर्स ने 18.1 ओवर में एक विकेट पर 175 रन बनाए।
केकेआर के घरेलू मैदान पर मिली इस जीत से रॉयल चैलेंजर्स के छह मैच में पाँच अंक हो गए हैं और वह नौंवे स्थान से छलांग लगाकर पाँचवें नंबर पर आ गया है। वहीं केकेआर की टीम छह मैचों में छह अंक से शीर्ष से खिसककर मुंबई इंडियंस के बाद दूसरे स्थान पर पहुँच गई है।
गेल आज ही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर से जुड़े हैं और आईपीएल चार के अपने पहले मैच में उन्होंने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
वेस्टइंडीज के इस स्टार खिलाड़ी ने 19वें ओवर की पहली गेंद पर चौका जड़कर ट्वेंटी-20 में अपना दूसरा शतक पूरा किया। उन्होंने 55 गेंद का सामना करते हुए 102 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 7 गगनचुंबी छक्के जड़े थे।
बेंगलूर ने पहला विकेट दिलशान के रूप में गँवाया जिन्होंने 31 गेंद पर 38 रन बनाए, जिसमें छह चौके शामिल हैं। तेज गेंदबाज लक्ष्मीपति बालाजी ने उनका स्टंप उखाड़कर पहले विकेट की शतकीय भागीदारी का अंत किया। विराट कोहली ने भी गेल का भरपूर साथ निभाया और 23 गेंद में तीन चौके और एक छक्के से नाबाद 30 रन बनाकर महत्वपूर्ण योगदान दिया।
बेंगलोर को अंतिम छह ओवर में 35 रन की दरकार थी। इस समय गेल 91 रन पर थे लेकिन कोहली ने 15वें ओवर में एक छक्का और एक चौका लगाकर टीम को 15 रन दिलाए और अब जीत के लिए टीम को केवल 20 रन चाहिए थे।
‘मैन ऑफ द मैच’ गेल ने अपना शतक पूरा करने के लिए जल्दबाजी नहीं की और आठ रन बनाने के लिए उन्होंने आठ गेंद का सामना किया तथा आठवीं गेंद पर चौका जड़कर सैकड़ा पूरा किया। केकेआर के कप्तान गौतम गंभीर ने गेल के तूफान को रोकने के लिये सभी सात गेंदबाजों को लगाया लेकिन कोई भी उन्हें नहीं रोक सका।
इससे पहले ऑलराउंडर यूसुफ पठान की अंत में विस्फोटक और जैक कैलिस तथा गंभीर की उपयोगी पारियों से नाइटराइडर्स ने चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। यूसुफ ने केवल 24 गेंद में 46 रन जोड़े जिसमें तीन गगनचुंबी छक्के और तीन चौके शामिल थे। उनसे पहले कैलिस (42 गेंद में तीन चौके की मदद से 40 रन) और गंभीर (38 गेंद में छह चौके की मदद से 48 रन) ने इस स्कोर की नींव रखी।
भारतीय टीम के तेज गेंदबाज जहीर खान ने अपने चार ओवर में 53 रन लुटाए, जिससे केकेआर की शुरुआत अच्छी रही। कैलिस और ब्रैड हैडिन ने पहले दो ओवर में 33 रन जोड़ लिए थे, जिसमें जहीर के पहले ओवर में 19 रन बने।
लेकिन स्पिनरों ने नाइटराइडर्स की रन गति पर लगाम कसी, जिसमें बाएँ हाथ के स्पिन गेंदबाज सैयद मोहम्मद (20 रन देकर एक विकेट) ने अपने आईपीएल आगाज में प्रभावशाली प्रदर्शन किया। उन्होंने खतरनाक दिख रहे हैडिन का विकेट चटकाकर टीम को पहला विकेट दिलाया।
ब्रेट ली की जगह टीम में शामिल किए गए हैडिन आक्रामक दिख रहे थे, उन्होंने 11 गेंद में एक छक्का और दो चौके लगाकर 18 रन बनाए लेकिन सैयद मोहम्मद ने उनकी पारी का अंत किया। इसके बाद हालाँकि कैलिस ने समझदारी से बल्लेबाजी करते हुए पारी को मजबूती दी और गंभीर ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।
विटोरी ने गंभीर की रन गति पर लगाम कसने के लये जहीर को दूसरे स्पैल में गेंदबाजी पर लगाया लेकिन केकेआर के कप्तान ने धावा बोलते हुए दो चौके जड़े, जिससे उन्होंने 10वें ओवर में 14 रन बटोर लिए।
कैलिस को 39 रन पर एबी डी'विलियर्स ने जीवनदान दिया जो स्टंप करने का मौका चूक गए लेकिन केकेआर का यह ऑलराउंडर अगले ओवर में गेल के शानदार कैच से आउट हो गया। इन दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 51 गेंद में 58 रन की भागीदारी निभाई।
गंभीर अर्धशतक बनाने से केवल दो रन से चूक गए। उन्हें श्रीनाथ अरविंद ने पैवेलियन भेजा। इसके बाद पठान ने बेहतरीन शॉट जमाकर केकेआर को 18 ओवर में 150 रन के पार कराया। पठान का विकेट कोहली ने लांग ऑफ पर लपका, जिससे केकेआर की टीम अंतिम ओवर में केवल सात रन ही बना सकी। (भाषा)

