गेंदबाजों ने जिताया मैच-गंभीर
PTI
किंग्स इलेवन पंजाब ने कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 119 रन बनाए। इसके बाद गंभीर (45) ने मनोज तिवारी (34) के साथ तीसरे विकेट के लिए नाबाद 85 रन की साझेदारी निभाकर अपनी टीम को आठ विकेट से जीत दिलाई।
गंभीर ने मैच के बाद कहा कि इसका पूरा श्रेय गेंदबाजों को जाता है जिन्होंने बेहतरीन गेंदबाजी की। विपक्षी टीम की बल्लेबाजी में काफी गहराई है और उन्हें इस छोटे से स्कोर पर रोकना शानदार रहा।
उन्होंने कहा कि इयान मोर्गन ने पहले चार-पाँच ओवर अच्छी बल्लेबाजी की और हम पर से दबाव कम कर दिया। हमें अभी टूर्नामेंट में काफी आगे जाना है। हम अच्छा क्रिकेट खेलते रहना चाहते हैं। जब तक अपना शत प्रतिशत दे रहे हैं, परिणाम मायने नहीं रखता।
मैन ऑफ द मैच इकबाल अब्दुल्ला ने कहा कि मैं अच्छा महसूस कर रहा हूँ। मैं इसके लिए तैयार था। मैं पहले भी छह ओवर गेंदबाजी कर चुका हूँ। एडम गिलक्रिस्ट और डेविड हसी का विकेट चटकाना शानदार रहा। यह मेरा पहला मैन ऑफ द मैच पुरस्कार है। मैं खुश हूं। (भाषा)

