1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. आईपीएल 2011

गांगुली के आईपीएल में लौटने की अटकलें

सौरव गांगुली
FILE
पूर्व कप्तान सौरव गांगुली के इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में लौटने की अटकलें एक बार फिर तेज हो गई हैं और माना जा रहा है कि वह टूर्नामेंट के जारी चौथे सत्र में ही नई टीम कोच्चि टस्कर्स केरल की तरफ से खेल सकते हैं।

सूत्रों के मुताबिक कोच्चि टीम के ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर स्टीवन स्मिथ के टखने की चोट के कारण टूर्नामेंट से हटने और श्रीलंकाई क्रिकेट बोर्ड के अपने खिलाड़ियों को आईपीएल से वापस बुलाने के फैसले से गांगुली की किस्मत खुल सकती है।

श्रीलंका बोर्ड के फैसले से कोच्चि टीम के मौजूदा कप्तान महेला जयवर्द्धने को स्वदेश लौटना पड़ेगा, जिससे गांगुली के टीम की तरफ से आईपीएल में खेलने का रास्ता साफ हो सकता है।

गांगुली आईपीएल के पहले तीन संस्करण में बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान के मालिकाना हक वाली कोलकाता नाइटराइडर्स की तरफ से खेले थे लेकिन आईपीएल-चार के लिए जनवरी में बेंगलुरु में हुई नीलामी में किसी ने भी उन पर भाव नहीं लगाया था।

इस बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) श्रीलंकाई बोर्ड को आईपीएल से अपने खिलाड़ियों को वापस बुलाने के फैसले पर पुनर्विचार करने के मनाने की कोशिश कर रहा है। श्रीलंकाई खिलाड़ियों को आईपीएल टीमों ने नीलामी में महँगी बोली लगाकर खरीदा था। (वार्ता)
लेखक के बारे में
वार्ता