1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. आईपीएल 2011

गांगुली की आईपीएल में वापसी के संकेत

गांगुली आईपीएल 4 कोच्चि टस्कर्स जयवर्द्धने
आईपीएल की नई टीम कोच्चि टस्कर्स केरल ने बुधवार को संकेत दिए कि अगर टीम के कप्तान माहेला जयवर्द्धने को स्वदेश लौटना पड़े तो भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली उनकी जगह एक विकल्प हो सकते हैं।

कोच्चि टस्कर्स के निदेशक मुकेश पटेल ने बताया कि अभी तक भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) से जयवर्द्धने की जगह किसी अन्य खिलाड़ी को लेने के बारे में फिलहाल कोई चर्चा नहीं की गई है लेकिन अगर ऐसी स्थिति पैदा होती है तो गांगुली को वह एक विकल्प के तौर पर देखते हैं।

उन्होंने कहा हमने बोर्ड से जयवर्द्धने की जगह किसी अन्य खिलाड़ी को लेने की अभी कोई बात बोर्ड से नहीं की है क्योंकि हमें श्रीलंकाई खिलाड़ियों के आईपीएल में बने रहने के बारे में स्थिति का साफतौर पर अंदाजा नहीं है। हालाँकि जयवर्द्धने की जगह गांगुली एक विकल्प हो सकते हैं। वहीं बुधवार को एक बंगाली चैनल को दिए साक्षात्कार में गांगुली ने भी आईपीएल में वापसी का संकेत देत हुए कहा 'देखते हैं क्या होगा। मैं इसे लेकर आशावान हूँ।

कोच्चि टस्कर्स पूर्व कप्तान गांगुली को खिलाड़ियों की नीलामी से बाहर ही टीम में शामिल करने का इच्छुक था लेकिन बोर्ड ने इस अपील को खारिज कर दिया था। इससे पहले कोच्चि टस्कर्स अपने चोटिल खिलाड़ी ऑस्ट्रेलियाई स्टीव स्मिथ की जगह गांगुली को टीम में शामिल करना चाहता थी लेकिन स्मिथ के बेस प्राइज दो लाख डॉलर और गांगुली के बेस प्राइज चार लाख डॉलर में अंतर होने के कारण नियमानुसार इसके लिए स्वीकृति नहीं मिल पाई थी।

गौरतलब है कि श्रीलंकाई क्रिकेट बोर्ड (एसएलसी) और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) में श्रीलंकाई खिलाड़ियों के आईपीएल में खेलने को लेकर कोई सहमति नहीं बन पाई है जिसके कारण संभवत: सभी श्रीलंकाई खिलाड़ियों को पाँच मई तक स्वदेश लौटना पड़ सकता है। टूर्नामेंट का फाइनल मैच 28 मई को खेला जाना है। (वार्ता)
लेखक के बारे में
वार्ता