1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. आईपीएल 2011

कोलकाता आठ विकेट से विजयी

आईपीएल 4
कोलकाता नाइटराइडर्स ने कप्तान गौतम गंभीर और मनोज तिवारी के बीच नाबाद 85 रन की साझेदारी से शनिवार को आईपीएल मैच में किंग्स इलेवन को आठ विकेट से हराया।

किंग्स इलेवन पंजाब ने बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद कोलकाता नाइटराइडर्स को 120 रन का आसान लक्ष्य दिया। गंभीर (नाबाद 45) और तिवारी (नाबाद 34) के बीच तीसरे विकेट के लिए 85 रन की नाबाद साझेदारी से शाहरुख खान की टीम ने 17.2 ओवर में दो विकेट पर 120 रन बनाकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की।

केकेआर की टीम इस जीत से आठ मैच में 10 अंक से मुंबई इंडियंस को हटाकर शीर्ष पर पहुँच गई। वह पहले चौथे स्थान पर थी, जबकि किंग्स इलेवन पंजाब की छह मैचों में तीसरी हार है और वह आठवें नंबर पर बरकरार है।

घरेलू टीम की शुरुआत हालाँकि अच्छी नहीं रही और उसने दूसरे ही ओवर में सलामी बल्लेबाज जैक कैलिस (01) का अहम विकेट गँवा दिया। भार्गव भट ने अपने पहले ओवर की पहली टर्न लेती गेंद से कैलिस को डेविड हस्सी के हाथों कैच आउट कराया।

भट ने अपने दूसरे ओवर में इयोन मोर्गन (15 गेंद में छह चौके, 28 रन) को भी पैवेलियन भेजकर किंग्स इलेवन पंजाब को थोड़ी उम्मीद बंधाई। रेयान हैरिस ने डीप मिडविकेट पर शानदार कैच लपका।

लेकिन जब टीम ने 35 रन पर दो विकेट गँवा दिए थे, तब गंभीर और तिवारी ने जिम्मेदाराना पारी खेलते हुए 16 गेंद रहते टीम को आसान जीत दिलाई। गंभीर ने 44 गेंद का सामना करते हुए चार चौके जमाए, जबकि तिवारी ने 41 गेंद में तीन चौके और एक छक्का जड़ा।

किंग्स इलेवन पंजाब की यह लगातार दूसरी हार है, जिसने अच्छी शुरुआत के बाद कोलकाता नाइटराइडर्स के गेंदबाजों के सामने घुटने टेक दिए। उसकी तरफ से सिर्फ दिनेश कार्तिक 42 गेंद में चार चौके की मदद 42 रन और कप्तान एडम गिलक्रिस्ट 26 रन बना सके। केकेआर के गेंदबाजों ने ईडन गार्डंस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए एडम गिलक्रिस्ट की अगुवाई वाली टीम को छह विकेट पर 119 रन ही बनाने दिए।

कप्तान गिलक्रिस्ट ने ऑस्ट्रेलियाई टीम के अपने पूर्व साथी ब्रेट ली के ओवर में बेहतरीन शुरुआत की, लेकिन जब किंग्स इलेवन पंजाब के शीर्ष क्रम ने रन बटोरने शुरू किए ही थे कि इकबाल अब्दु्ल्ला (19 रन देकर दो विकेट) और यूसुफ पठान (24 रन देकर एक विकेट) ने उन पर लगाम कस दी।

कार्तिक अंतिम ओवरों में रन गति सुधारने की कोशिश में रन आउट हो गए, जिससे किंग्स इलेवन पंजाब का तीसरा खिलाड़ी रन आउट होकर पैवेलियन पहुँचा।

गिलक्रिस्ट ने ली के ओवर में एक छक्का और एक चौका जमाकर 13 रन बटोरे, वह बेहतरीन फार्म में दिख रहे थे, जबकि पॉल वल्थाटी ने भी केकेआर पर दबाव बनाने के लिए एक-दो रन जुटाते रहे।

तीन ओवर में पंजाब ने बिना विकेट गँवाए 22 रन बना लिए थे, लेकिन केकेआर के स्पिनरों के सामने यह लय कायम नहीं रख सके। पठान और अब्दुल्ला ने न सिर्फ रन गति को धीमा करने में मदद की बल्कि उन्होंने खतरनाक दिख रहे शीर्ष क्रम के तीन खिलाड़ियों वल्थाटी (07), शान मार्श (05) और गिलक्रिस्ट को महज 12 रन के अंदर आउट कराया।

किंग्स इलेवन पंजाब ने 4.2 ओवर में बिना विकेट के 32 रन के स्कोर से 7.5 ओवर तक 44 रन पर तीन विकेट खो दिए थे। पठान ने वल्थाटी का विकेट हासिल कर टीम को पहली सफलता दिलाई, जबकि अगले ही ओवर में फार्म में चल रहे मार्श कप्तान गिलक्रिस्ट के बीच विकेट के बीच में हुई गफलत से रन आउट हो गए।

इसके बाद अब्दुल्ला ने गिलक्रिस्ट को बोल्ड कर उनकी समस्या बढ़ा दी। अभिषेक नायर भी 9.2 ओवर में रन आउट हो गए और तब टीम का स्कोर 53 रन पर चार विकेट हो गया था।

अगले पाँच ओवर में किंग्स इलेवन पंजाब की टीम केवल 15 रन ही जोड़ सकी हालाँकि इसके बाद कार्तिक और डेविड हसी ने थोड़ा संभालने की कोशिश की। इन दोनों ने जरूरी समय पर 34 गेंद में 31 रन जोड़े, लेकिन हस्सी (15) अब्दुल्ला का दूसरा शिकार बने।

केकेआर ने भले ही तीन खिलाड़ियों को रन आउट किया, लेकिन कई बार उन्होंने बढ़िया मौकों को गंवाया भी। (भाषा)
लेखक के बारे में
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।.... और पढ़ें