1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. आईपीएल 2011

कोच्चि से बदला लेने उतरेंगे नाइटराइडर्स

कोलकाता नाइट राइडर्स आईपीएल
शीर्ष पर चल रही कोलकाता नाइट राइडर्स आईपीएल के मैच में गुरुवार को कोच्चि टस्कर्स केरल से भिड़ेगी तो उसके इरादे पिछली हार का बदला चुकता करने के होंगे। कोलकाता को 20 अप्रैल को ईडन गार्डन पर हुए मुकाबले में छह रन से पराजय झेलनी पड़ी थी। उसके बाद हालांकि दोनों टीमों की किस्मत नाटकीय रूप से बदल गई।

PTI
PTI
गौतम गंभीर की अगुवाई वाली केकेआर छह जीत और तीन हार के बाद तालिका में कोच्चि से कहीं ऊपर है। वहीं महेला जयवर्धने की कप्तानी में केरल ने दिल्ली डेयरडेविल्स को पिछले मैच में हराकर लगातार तीन हार का सिलसिला तोड़ा।

कोलकाता का पलड़ा इस मैच में भारी होगा। बल्लेबाजी में जैक कैलिस, गंभीर और मनोज तिवारी अच्छे फॉर्म में हैं। यूसुफ पठान ने डेक्कन चार्जर्स के खिलाफ नाबाद 47 रन बनाकर फॉर्म में लौटने के संकेत दिए। गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया है। ब्रेट ली, लक्ष्मीपति बालाजी और इकबाल अब्दुल्लाह ने गेंदबाजी का मोर्चा संभाला तो स्पिन का जिम्मा साकिब अल हसन ने बखूबी संभाल रखा है।

दूसरी ओर कोच्चि की टीम लगातार अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकी है। उसने मुंबई इंडियंस जैसी मजबूत टीम को हराया लेकिन उस लय को कायम नहीं रख पाई। लगातार तीन पराजय झेलने के बाद पिछले मैच में कोच्चि ने दिल्ली को हराया।

जयवर्धने ने कहा,‘‘ हम जीत के क्रम को बरकरार रखना चाहेंगे, लेकिन हमने आखिरी दो ओवरों में कुछ मैच गँवाए हैं। उम्मीद है कि अब ऐसा नहीं होगा।’’

कोच्चि का बल्लेबाजी आक्रमण बहुत हद तक ब्रेंडन मैकुलम पर निर्भर करता है। उनके फॉर्म में नहीं होने पर बल्लेबाजी के ढहने का खतरा रहता है। गेंदबाजी में एस श्रीसंत और आरपी सिंह ने विकेट लिए हैं। पी परमेश्वरन के रूप में कोच्चि को अच्छा गेंदबाज मिला है, जिसने दिल्ली के खिलाफ पहले मैच में ही दो विकेट चटकाए थे। (भाषा)
लेखक के बारे में
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।.... और पढ़ें