1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. आईपीएल 2011

कुछ साबित करने आए हैं गांगुली-सरकार

इंडियन प्रीमियर लीग 4 सौरभ गांगुली पुणे वारियर्स
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की नई टीम पुणे वारियर्स के टीम डायरेक्टर अभिजीत सरकार ने कहा है कि पूर्व भारतीय कप्तान सौरभ गांगुली आईपीएल-4 में कुछ साबित करने के मकसद से उनकी टीम से जुडे हैं।

सरकार ने कहा गांगुली पैसे के लिए टीम से नहीं जुड़े हैं बल्कि वह कुछ साबित करना चाहते हैं। उन्हें चुनना हमारा जुआ नहीं है। वह देश कीसर्वश्रेष्ठ क्रिकेट प्रतिभा हैं और सम्मान के हकदार हैं। कोलकाता ने उनके साथ जैसा व्यवहार किया था वह नहीं होना चाहिए था।

उन्होंने कहा गांगुली वाकई योद्धा हैं और वापसी में माहिर भी हैं। हमारी थिंक टैंक को लगा कि इस समय वही हमारे लिए सर्वश्रेष्ठ विकल्प हैं। इसलिए हम तीन-चार दिनों से उन्हें अपने साथ जोड़ने में लगे थे। गांगुली ने कोलकाता में पत्रकारों से कहा पुणे टीम ने कल मुझसे बात की थी। मैंने उन्हें अपनी उपलब्धता की जानकारी दे दी है। मैं मुंबई जा रहा हूं जहां विस्तृत घोषणा की जाएगी।

आईपीएल-4 की नीलामी में किसी फ्रेंचाइजी ने गांगुली के नाम पर बोली नहीं लगाई थी लेकिन अब पुणे ने अपने कई खिलाड़ियों के घायल होने के बाद बंगाल टाइगर को याद किया है। कोलकाता नाइटराइडर्स के पूर्व कप्तान गांगुली को चोटिल आशीष नेहरा की जगह बुलाया गया है।

सरकार ने कहा हम गांगुली का स्वागत करते हैं। वह टीम से जुड़कर कोच और अन्य सपोर्ट स्टाफ की मदद से अभ्यास करेंगे। हालाँकि अभी नहीं लगता है कि वह बुधवार का मैच खेल सकेंगे।

उन्होंने कहा टूर्नामेंट की शुरुआत में सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर एंजेलो मैथ्यूज बाहर हो गए। फिर ऑस्ट्रेलिया के टिम पेने और दक्षिण अफ्रीका के ग्रीम स्मिथ भी चोटिल हो गए। इसके बाद आशीष नेहरा भी चोटिलों में शामिल हो गए। हम कल तक नेहरा की फिटनेस रिपोर्ट का इंतजार कर रहे थे लेकिन अब गांगुली को शामिल कर लिया गया है।

कोलकाता के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) वेंकी मैसूर ने गांगुली को शुभकामना देते हुए कहा कि वह 19 मई को पुणे से होने वाला मैच रोमांचक रहने की उम्मीद कर रहे हैं। (वार्ता)
लेखक के बारे में
वार्ता