इंडियंस और वॉरियर्स में होगा घमासान
PTI
FILEहालाँकि पुणे की डूबती नैया को पार लगाने के लिए अब टीम में पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली को शामिल किया गया है लेकिन मुंबई इंडियंस की मजबूत टीम को मात देने के लिए टीम को हर क्षेत्र में सुधार करते हुए बेहतरीन प्रदर्शन करना होगा जो वारियर्स के लिए इतना आसान नहीं होगा।
मुंबई की टीम ने टूर्नामेंट में अब तक आठ मैच खेले हैं और उसे छह मैचों में जीत हासिल हुई है जबकि मात्र दो मैचों में कोच्चि टस्कर्स केरल और राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ उसे हार का सामना करना है। इंडियंस 12 अंकों के साथ अंकतालिका में दूसरे स्थान पर बने हुए हैं।
तो वहीं पुणे की टूर्नामेंट में अब तक के सफर की कहानी इसके बिल्कुल विपरीत है। जहां मुंबई ने छह मैच जीते और दो हारे हैं वहीं वारियर्स ने अब तक खेले आठ मैचों में से छह मैच हारे हैं और केवल दो मैचों में उसे जीत नसीब हुई है। टीम के मात्र चार अंक हैं और वह अंकतालिका में सबसे निचले पायदान पर है।
पुणे की टीम में चोटिल आशीष नेहरा की जगह गांगुली को शामिल किया गया है। कप्तान युवराज सिंह को उनके आने से थोड़ी राहत तो जरूर महसूस हुई होगी लेकिन मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंडुलकर की टीम मुंबई इंडियंस के खिलाफ जीत दर्ज करने के लिए अकेले गांगुली ही नहीं बल्कि पूरी टीम को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा।
गत उपविजेता मुंबई इंडियंस बेहतरीन फार्म में चल रही है और टूर्नामेंट की सबसे संतुलित टीम दिखाई दे रही है जिसके प्रदर्शन में निरंतरता है। टीम के पास बेहतरीन बल्लेबाजी और गेंदबाजी आक्रमण के अलावा उम्दा क्षेत्ररक्षक हैं।
टीम में सचिन के अलावा अंबाती रायुडू, कीरोन पोलार्ड और एंड्रयू साइमंड्स जैसे बेहतरीन बल्लेबाज हैं तो वहीं उसके पास लसित मलिंगा जैसे गेंदबाज है जो अकेला ही प्रतिद्वंद्वी बल्लेबाजों के पसीने छुडाने की काबिलियत रखता है1 मलिंगा के अलावा टीम में हरभजन सिंह और मुनाफ पटेल जैसे शानदार गेंदबाज भी हैं।
इस टीम को हरा पाना पुणे के लिए आसान नहीं होगा जिसके न तो बल्लेबाज ही कोई कमाल कर पा रहे हैं और न ही गेंदबाजी में कुछ खास प्रदर्शन कर रहे हैं। युवराज की टीम में कई अच्छे खिलाड़ी मौजूद हैं लेकिन समस्या यह है कि टीम एक इकाई के रूप में प्रदर्शन करने में नाकाम रही है।
पुणे ने हालांकि शुरुआती दोनों मैच जीतकर टूर्नामेंट में अच्छी शुरूआत की थी लेकिन उसके बाद उसे लगातार छह मैचों में हार झेलनी पड़ी। पुणे के पास युवराज और गांगुली के अलावा जेसी राइडर और रोबिन उथप्पा जैसे बल्लेबाज हैं।
युवराज की टीम में राहुल शर्मा गेंद से अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने राजस्थान रायल्स के खिलाफ तीन विकेट चटकाकर जीत के लिए संघर्ष किया था। लेकिन किसी एक खिलाड़ी के अच्छा प्रदर्शन से टीम की जीत की कल्पना करना गलत है।
बुधवार के मैच में जहां मुंबई की टीम चोटी का स्थान बरकरार रखने के लिए पुणे के खिलाफ जीत हासिल करने के इरादे से उतरेगी तो वहीं पुणे की टीम जीत दर्ज कर वापसी की कोशिश करेगी। युवराज ने भी रॉयल्स के खिलाफ मैच में छह विकेट से मिली हार के बाद कहा था कि एक और हार उनकी टीम को टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखा सकती है। इसलिए पुणे की टीम इस मैच में 'करो या मरो' की सोच लेकर खेलने उतरेगी। (वार्ता)

