1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. आईपीएल 2011

आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स चोटी पर

टेलर की आतिशी पारी में उडे वारियर्स

आईपीएल 4
WD
रोस टेलर (47) की धुंआधार पारी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स की टीम ने रविवार को यहां आईपीएल चार मैच में पुणे वारियर्स को तीन गेंदें शेष रहते छह विकेट से धूल चटा दी। इसके साथ ही राजस्थान की टीम 11 अंकों के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है।

राजस्थान के कप्तान शेन वॉर्न ने टॉस जीतने के बाद पहले क्षेत्ररक्षण करने के फैसले को सही साबित किया और एक रोमांचक मुकाबले में पुणे के 144 रन के लक्ष्य को 19.3 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया।

राजस्थान की टीम ने सधी हुई गेंदबाजी की और उसके बाद बल्लेबाजी में शुरुआती लड़खड़ाहट के बाद टेलर ने टीम को संभाला और जीत की मंजिल तक पहुंचाया। उन्होंने 35 गेंदों में चार चौकों और दो गगनचुंबी छक्कों की मदद से 47 रन की उम्दा पारी खेली और पुणे के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दी।

इस जीत के साथ ही राजस्थान की टीम 11 अंकों के साथ शीर्ष पर पहुंच गई है। रॉयल्स ने टूर्नामेंट में अब तक खेले नौ मैचों में से पांच मैचों में जीत दर्ज की है और तीन मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा है जबकि एक मैच बेनतीजा रहा।

वहीं पुणे की टीम अंक तालिका में सबसे निचले पायदान पर ही बनी हुई है। वारियर्स ने कुल आठ मैचों में केवल दो मैच जीते हैं जबकि छह में उसे हार का मुंह देखना पड़ा है। टीम के मात्र चार अंक हैं।

पुणे के 144 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान की शुरुआत अच्छी नहीं रही और ओपनर शेन वॉटसन (12) पांचवें ओवर में 29 के टीम स्कोर पर अल्फोंसो थामस की गेंद पर उथप्पा को कैच थमा बैठे। वॉटसन और राहुल द्रविड़ की ओपनिंग जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 24 रन की साझेदारी की।

द्रविड़ भी मात्र 18 रन ही बना पाए और आठवें ओवर में राहुल शर्मा की गेंद पर उन्हीं के हाथों लपके गए। टीम का तीसरा विकेट योहान बोथा (12) के रूप में गिरा। इसके बाद चौथे विकेट के लिए अशोक मीनारिया (29) और टेलर ने 33 रन की उपयोगी साझेदारी से प्रतिद्वंद्वी गेंदबाजों पर दबाव बना दिया।

मीनारिया ने 22 गेंदों की अपनी पारी में तीन छक्के जड़े। वह 14वें ओवर की पहली गेंद पर राहुल का शिकार हो गए। इस समय टीम का स्कोर 92 रन था।

मगर इसके बाद टेलर और अजिंक्या रहाणे (15) ने बिना किसी और नुकसान के टीम को जीत की मंजिल तक पहुंचा कर ही दम लिया। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी की। रहाणे ने नौ गेंदों में दो चौकों की बदौलत 15 रन बनाए। इसके अलावा पुणे के गेंदबाजों ने 11 अतिरिक्त रन लुटाए जिसका फायदा राजस्थान को मिला। टेलर को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए 'मैन आफ द मैच' घोषित किया गया।

पुणे की ओर से राहुल शर्मा सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार ओवर में मात्र 13 रन देकर तीन विकेट हासिल किए जबकि एक विकेट थामस को मिला। उन्होंने चार ओवर में 28 रन दिए। इससे पहले मनीष पांडे (30) और रोबिन उथप्पा (35) की पारियों के दम पर पुणे वारियर्स ने राजस्थान रॉयल्स के सामने जीत के लिए सात विकेट के नुकसान पर 144 रन का लक्ष्य रखा।

पुणे की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसे ओपनर जेसी राइडर (18) के रूप में दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर पहला झटका लगा। इस समय टीम का स्कोर 24 रन था।

लेकिन इसके बाद मनीष और उथप्पा ने एकबारगी तो प्रतिद्वंद्वी टीमों के गेंदबाजों की परेशानी बढ़ा दी। दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 46 रन की साझेदारी की। उथप्पा मात्र 21 गेंदों में सात चौकों की मदद से 35 रन बनाकर नौवें ओवर में शेन वॉर्न का शिकार हो गए।

कप्तान युवराज सिंह भी कोई कमाल नहीं कर सके और मात्र सात रन बनाकर 12वें ओवर की पहली गेंद पर रनआउट हो गए। इसी ओवर की आखिरी गेंद पर मनीष भी सिद्धार्थ त्रिवेदी की गेंद पर रॉस टेलर को कैच थमा बैठे। उन्होंने 30 गेंदों में चार चौके जड़कर 30 रन बनाए।

इसके बाद मिथुन मिन्हास (24) को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज क्रीज पर ज्यादा देर तक नहीं टिक पाया। 19वें ओवर में हरप्रीत सिंह (13) के रूप में 121 के टीम स्कोर पर पुणे का पांचवां विकेट गिरा। हरप्रीत ने मिन्हास के साथ 28 रन की साझेदारी की। इसके बाद मनहास भी त्रिवेदी का शिकार हो गए। राहुल शर्मा खाता खोले बिना ही। 35 के टीम स्कोर पर रन आउट हो गए। नाथन मैकुलम ने नाबाद 11 रन बनाए।

राजस्थान की ओर से सिद्धार्थ त्रिवेदी सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार ओवरो में 28 रन देकर दो विकेट लिए जबकि शेन वॉर्न, शेन वॉटसन और योहान बोथा को एक-एक विकेट मिला। (वार्ता)
लेखक के बारे में
वार्ता