आईपीएल में कोलकाता नाइटराइडर्स टॉप पर
WD
शाहरुख खान की टीम नौ मैचों में छह जीत से 12 अंक लेकर तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई जबकि कप्तान कुमार संगकारा की टीम इतने ही मैचों छह अंक से सातवें स्थान पर बरकरार है और उसकी सेमीफाइनल की डगर काफी मुश्किल है।
केकेआर ने यूसुफ पठान की 26 गेंद में 47 रन की नाबाद पारी और मनोज तिवारी के साथ चौथे विकेट के लिए 80 रन की भागीदारी के बाद सटीक गेंदबाजी से लगातार तीसरी जीत दर्ज की।
कोलकाता नाइटराइडर्स ने बल्लेबाजी का न्यौता मिलने के बाद चार विकेट पर 169 रन बनाए। पिछले मैच में चेन्नई सुपरकिंग्स से 19 रन से हारने वाली मेजबान टीम धवन के 54 रन के बावजूद निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट पर 149 रन ही बना सकी। नाइटराइडर्स की तरफ से इकबाल अब्दुल्ला ने 34 रन और रजत भाटिया ने 26 रन देकर दो-दो जबकि ब्रेट ली और कैलिस ने एक एक विकेट चटकाए।
टॉस गंवाने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता नाइटराइडर्स ने ठीक शुरुआत की लेकिन अंत में पठान (26 गेंद में नाबाद 47 रन, तीन चौके और तीन छक्के) और तिवारी (28 गेंद में 33 रन) की बेहतरीन साझेदारी से टीम चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा करने में सफल रही। दोनों ने चौथे विकेट के लिए आठ ओवर में 10 रन प्रति ओवर 80 रन जोड़े।
डेक्कन चार्जर्स ने पठान को दो जीवनदान दिए, जिसका पूरा फायदा उठाते हुए उन्होंने शानदार पारी खेली और टीम को बेहतर नींव को आगे बढ़ाने में मदद की। कप्तान गौतम गंभीर ने 22 गेंद में 35 और सलामी बल्लेबाज जाक कैलिस ने 31 गेंद में 30 रन बनाए। कप्तान कुमार संगकारा की टीम की तरफ से धवन के अलावा रवि तेजा ने 30 और सन्नी सोहाल ने 26 रन बनाए।
अब्दुल्ला ने छठे और अपने दूसरे ओवर में सलामी बल्लेबाज सोहाल (20 गेंद में तीन चौके, 26 रन) को स्टंप से बाहर जाती गेंद पर बल्ला छुआने को मजबूर कर दिया और कवर प्वाइंट पर खड़े इयोन मोर्गन ने इसे आसानी से लपक लिया।
संगकारा क्रीज पर उतरे और अब्दुल्ला ने इसी ओवर में दो गेंद बाद ही उन्हें भी पैवेलियन भेज दिया। मिडविकेटपर खड़े कैलिस ने आसान कैच लपक लिया, जिससे डेक्कन चार्जर्स की टीम 41 रन पर दो विकेट गंवाकर मुश्किल में आ गई।
सलामी बल्लेबाज धवन एक छोर पर डटे रहे, लेकिन दूसरे छोर पर कैमरून वाइट (13) और डेनियल क्रिस्टियन (1) सस्ते में आउट हो गए, जिससे 11 ओवर के अंत में बोर्ड पर 70 रन पर चार विकेट थे और जीत के लिए उन्हें 54 गेंद में 100 रन चाहिए थे, जिसे हासिल करना असंभव ही दिख रहा था ।
रवि तेजा 30 रन बनाकर ली की गेंद पर बोल्ड हो गए। धवन के रूप में टीम ने 128 रन पर छठा गंवाया जो कैलिस की गेंद पर स्टंप उखड़वाकर पवेलियन लौटे। इससे पहले केकेआर के सलामी बल्लेबाज इयोन मोर्गन और कैलिस ने 5.4 ओवर में पहले विकेट के लिये 36 रन जोड़े ही थे कि क्रिस्टियन ने डेक्कन चार्जर्स को पहली सफलता दिलाई। उन्होंने धीमी ऑफ कटर पर मोर्गन को बोल्ड किया जिन्होंने 15 गेंद में एक छक्का लगाकर 14 रन बनाए।
कैलिस और गंभीर ने मिलकर एक दो रन बटोरने के अलावा शॉट जमाकर स्कोर बढ़ाया। 11वें ओवर में मिश्रा ने इस भागीदारी का अंत किया और अपनी टीम को कैलिस का महत्वपूर्ण विकेट दिलाया। कैलिस ने मिश्रा की गेंद पर उंचा शाट लगाया जिसमें पूरी ताकत नहीं लगा सके और वाइड लांग आफ पर रवि तेजा ने कैच लपक लिया और स्कोर 79 रन पर दो विकेट हो गया।
गंभीर भी हालांकि ज्यादा देर नहीं टिक सके और स्कोर में पांच रन जोड़ने के बाद ओझा की गेंद पर बल्ला छुआने से विकेटकीपर कुमार संगकारा को कैच दे बैठे। उन्होंने 22 गेंद का सामना किया और तीन चौके और एक छक्के से 35 रन जोड़े।
विपक्षी टीम द्वारा पठान को मिले जीवनदान ने केकेआर के स्कोर में अहम भूमिका निभाई। पठान जब तीन रन के स्कोर पर थे, तब उन्होंने ओझा की गेंद पर डीप मिडविकेट पर स्वीप करने की कोशिश की, हालांकि इसे पकड़ना मुश्किल नहीं था लेकिन सीमारेखा के करीब मिश्रा ने कैच लपक लिया लेकिन इसे हाथ में नहीं संभाल सके और चार गेंद बाद ही पठान ने पहला छक्का जड़ा बदला चुकाया।
अगले ही ओवर में मिश्रा की गेंद पर क्रिस्टियन ने लांग आन सीमारेखा पर पठान का कैच छोड़ दिया और गेंद उछलकर चार रन के लिए मैदान से बाहर निकल गई। इतना ही काफी नहीं था कि उन्होंने अगली गेंद पर लांग ऑफ पर छक्का जड़ दिया।
तिवारी भी दूसरे छोड़ पर पठान का साथ निभाते रहे, उन्होंने 28 गेंद का सामना कर तीन चौके और एक छक्का जमाया। डेक्कन चार्जर्स की तरफ से क्रिस्टियन, डेल स्टेन, ओझा और मिश्रा ने एक-एक विकेट हासिल किया। (भाषा)

