1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. WikiLeaks co founder Julian Assange arrested

विकीलिक्स के सह संस्थापक जूलियन असांजे गिरफ्तार

Julian Assange
लंदन। दुनियाभर के गोपनीय दस्तावेजों का खुलासा करने वाले संगठन विकीलिक्स के सह संस्थापक जूलियन असांजे को इक्वाडोर के लंदन स्थित दूतावास से गिरफ्तार कर लिया गया है। लंदन की मेट्रोपोलिटन पुलिस ने कहा कि फिलहाल असांजे को हिरासत में लिया गया है और उन्हें वेस्टमिन्सटर मजिस्ट्रेट कोर्ट के समक्ष पेश किया जाएगा।

असांजे यौन उत्पीड़न के एक मामले में स्वीडन प्रत्यर्पित किए जाने से बचने के लिए सात वर्ष पहले इक्वाडोर के दूतावास में शरण लिए हुए थे। बाद में स्वीडन ने असांजे पर से सेक्स अपराध से जुड़े मामले को हटा दिया।

इसके बावजूद असांजे दूतावास में ही बने रहे क्योंकि जमानत का मामला खत्म हो जाने की वजह से लंदन में उन पर गिरफ्तारी की तलवार लटकी रही थी। मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने बताया कि असांजे को अदालत के सामने आत्मसमर्पण नहीं करने के मामले में गिरफ्तार किया गया है।

इक्वाडोर के राष्ट्रपति लेनिन मोरेनो ने बताया कि असांजे द्वारा अंतरराष्ट्रीय संधि का बार-बार उल्लंघन किए जाने के बाद उनका शरणार्थी का दर्जा वापस ले लिया गया है। गौरतलब है कि असांजे ने 2010 में बड़ी संख्या में अमेरिकी गोपनीय दस्तावेजों को सार्वजनिक किया था। बीते साल 12 दिसंबर से उन्हें इक्वाडोर की नागरिकता मिली।
अगला लेख
कमजोर जेवराती मांग से सोना लुढ़का, चांदी भी टूटी, ये रहे भाव...