• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Terrorists killed 11 people in Balochistan province
Last Updated : शनिवार, 13 अप्रैल 2024 (12:39 IST)

Pakistan: बलूचिस्तान प्रांत में आतंकवादियों ने की 11 लोगों की हत्या, गृहमंत्री ने की घटना की निंदा

मृतकों में 9 बस यात्री शामिल

Pakistan: बलूचिस्तान प्रांत में आतंकवादियों ने की 11 लोगों की हत्या, गृहमंत्री ने की घटना की निंदा - Terrorists killed 11 people in Balochistan province
Terrorists killed 11 people in Balochistan province : पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान (Balochistan) प्रांत में अज्ञात आतंकवादियों (terrorists) ने कम से कम 11 लोगों की हत्या कर दी जिसमें 9 बस यात्री शामिल हैं। पुलिस ने शनिवार को कराची में बताया कि पहली घटना में सशस्त्र हमलावरों ने शुक्रवार को नोश्की जिले में एक राजमार्ग पर एक बस रुकवाई और बंदूक का डर दिखाकर 9 पुरुषों का अपहरण कर लिया। गृहमंत्री मोहसिन नकवी (Mohsin Naqvi) ने इस घटना की निंदा की है।
 
9 पुरुषों के शव नजदीकी पर्वतीय इलाके में मिले : एक अधिकारी ने बताया कि बाद में इन 9 पुरुषों के शव नजदीकी पर्वतीय इलाके में एक पुल के समीप मिले और उनके शरीर पर गोलियों के निशान पाए गए। उन्होंने बताया कि यह बस क्वेटा से ताफ्तान जा रही थी तभी सशस्त्र हमलावरों ने बस रुकवाई और यात्रियों की पहचान करने के बाद 9 पुरुषों को अगवा करके पर्वतीय इलाकों में ले गए।

 
कार पर गोलीबारी में 2 यात्रियों की मौत : एक अन्य घटना में इसी राजमार्ग पर एक कार पर गोलीबारी की गई जिसमें 2 यात्रियों की मौत हो गई तथा दो अन्य घायल हो गए। बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री मीर सरफराज बुगती ने कहा कि नोश्की राजमार्ग पर 11 लोगों की हत्या में शामिल आतंकवादियों को बख्शा नहीं किया जाएगा और उन्हें जल्द ही पकड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि इन आतंकवादियों का उद्देश्य बलूचिस्तान की शांति भंग करना है।
 
गृहमंत्री ने की घटना की निंदा : गृहमंत्री मोहसिन नकवी ने भी घटना की निंदा करते हुए कहा कि सरकार इस मुश्किल वक्त में मृतक के परिवारों के साथ है। अभी तक किसी भी प्रतिबंधित संगठन ने इन हत्याओं की जिम्मेदारी नहीं ली है लेकिन इस साल हाल के हफ्तों में प्रतिबंधित संगठनों और आतंकवादियों द्वारा आतंकी हमलों की घटनाओं में वृद्धि हुई है।(भाषा) 
 
Edited by: Ravindra Gupta