1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Robert Mugabe resigns as Zimbabwe President

रॉबर्ट मुगाबे ने जिम्बाब्वे के राष्ट्रपति पद से इस्तीफा दिया

Robert Mugabe
हरारे। जिम्बाब्वे के राष्ट्रपति रॉबर्ट मुगाबे ने मंगलवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इसके साथ ही 37 साल से चली आ रही मुगाबे की सत्ता का पटाक्षेप हो गया। इस बीच पूर्व उप राष्ट्रपति एमर्सन मननगाग्वा के देश का अगले नेता बनने की संभावना जताई जा रही है।
 
इस्तीफे की खबर आते ही राजधानी हरारे की सड़कों पर जश्न शुरू हो गया। लोगों ने कारों के हॉर्न बजाकर और नाच-गाकर खुशी का इजहार किया।
 
स्पीकर जैकब मुदेंडा ने मुगाबे का त्यागपत्र पढ़ा। इसमें लिखा हुआ था, 'मैं रॉबर्ट गैब्रिएल मुगाबे जिम्बाब्वे के संविधान की धारा 96 के तहत औपचारिक रूप से अपना इस्तीफा देता हूं जो तत्काल प्रभावी है।'
 
सत्तारूढ़ पार्टी के एक अधिकारी लवमोर मटुके ने बताया कि हाल ही में अपने पद से हटाए गए उप राष्ट्रपति एमर्सन मननगाग्वा अगले 48 घंटे के भीतर देश के अगले नेता हो सकते हैं। पद से हटाए जाने के बाद मननगाग्वा छह नवंबर को देश से बाहर चले गए थे। (भाषा)
अगला लेख
योगी आदित्यनाथ की अग्नि परीक्षा, निकाय चुनाव में मतदान...