1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Larry Kudlow Trump economic advisor

लैरी कुडलॉ होंगे ट्रंप के नए आर्थिक सलाहकार

Trump economic advisor
वॉशिंगटन। लैरी कुडलॉ ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मुख्य आर्थिक सलाहकार के पद पर अपनी नियुक्ति को स्वीकार कर लिया है। व्हाइट हाउस ने गुरुवार को उक्त जानकारी दी।
 
70 वर्षीय कुडलॉ गोल्डमैन सैक के पूर्व कार्यकारी गेरी कोहेन की जगह लेंगे। कोहेन ने स्टील और एल्युमीनियम के आयात पर क्रमश: 25 और 10 प्रतिशत कर लगाए जाने को लेकर ट्रंप के साथ मतभेद के बाद पद से इस्तीफा दे दिया था।
 
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव सारा सैंडर्स ने कहा कि लैरी कुडलॉ को आर्थिक नीतियों में राष्ट्रपति के सहायक और राष्ट्रीय आर्थिक परिषद के निदेशक पद की पेशकश की गई थी जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया। सारा ने कहा कि हम हस्तांतरण पर काम करेंगे और वे आपैचारिक रूप से अपना पदभार कब संभाल रहे हैं? इसकी सूचना देते रहेंगे।
 
कुडलॉ (रोनाल्ड विल्सन) रीगन प्रशासन में काम कर चुके हैं और आर्थिक नीतियां बनाने में मदद की थी। अमेरिका के शीर्ष सांसदों ने इस महत्वपूर्ण प्रशासनिक पद पर कुडलॉ की नियुक्ति का स्वागत किया है।
 
सीनेटर लिंडसे ग्राहम ने कुडलॉ को बेहतर चयन बताते हुए उन्हें विकास समर्थक बताया और आर्थिक नीतियों की वकालत करने के लिए उनकी प्रशंसा की है। सीनेट सदस्य डेविड पेर्ड्यू का कहना है कि कुडलॉ अमेरिका को पूरी दुनिया के मुकाबले ज्यादा प्रतिस्पर्धी बनाने में ट्रंप की मदद करेंगे।
 
वहीं डेमोक्रेटिक पार्टी की सांसद टेड डब्ल्यू लियू इस पद पर कुडलॉ की नियुक्ति से ज्यादा खुश नहीं हैं। उनका कहना है कि अब अमेरिका की आर्थिक नीतियां ऐसा व्यक्ति बनाएगा, जो युद्ध को अर्थव्यवस्था के लिए बेहतर बताता है। (भाषा)
अगला लेख
सीलिंग से जनता त्रस्त, केजरीवाल फिल्म देखने में मस्त...