1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. former Japan PM Shinzo Abe dies

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे का निधन, सुबह नारा शहर में मारी गई थी गोली

Shinzo Abe dies
टोक्यो। जापान के पूर्व प्रधानमंत्री एवं कट्टर रूढ़िवादी नेता शिंजो आबे को चुनाव प्रचार के एक कार्यक्रम में भाषण के दौरान शुक्रवार को गोली मार दी गई। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां उनका निधन हो गया।
 
अधिकारियों के अनुसार, 67 वर्षीय आबे को विमान से एक अस्पताल ले जाया गया लेकिन उस समय उनकी सांस नहीं चल रही थी और हृदय गति रुक गई थी। पुलिस ने घटनास्थल से संदिग्ध हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है।
 
दुनिया के सबसे सुरक्षित देशों में से एक माने जाने वाले जापान में यह हमला हैरान करने वाला है। जापान में बंदूक नियंत्रण के सख्त कानून लागू हैं।
 
सरकारी प्रसारणकर्ता NHK ने घटना का एक फुटेज प्रसारित किया है जिसमें नारा में एक मुख्य ट्रेन स्टेशन के बाहर आबे को भाषण देते हुए देखा जा सकता है। जब गोली चलने की आवाज सुनी गयी तो आबे खड़े थे, उन्होंने गहरे नीले रंग के कपड़े पहने हुए थे और अपनी मुठ्ठी उठा रहे थे।
 
इसके बाद फुटेज में आबे को सड़क पर गिरते हुए देखा गया और कई सुरक्षाकर्मी उनकी ओर भाग रहे थे। उन्होंने अपने सीने पर हाथ रखा हुआ था और उनकी कमीज पर खून लगा हुआ था।
फुटेज में नजर आता है कि इसके अगले क्षण ही सुरक्षाकर्मी भूरे रंग की कमीज पहने एक व्यक्ति को दबोच लेते हैं। जमीन पर एक बंदूक गिरी हुई दिखायी देती है।
 
नारा की पुलिस ने हत्या की कोशिश के लिए एक संदिग्ध को गिरफ्तार किए जाने की पुष्टि की और उसकी पहचान तेत्सुया यामागामी (41) के तौर पर की। एनएचके ने बताया कि संदिग्ध 2000 में तीन साल के लिए समुद्री आत्म-रक्षा बल में सेवाएं दे चुका है।
अगला लेख
सुभासपा प्रमुख राजभर बोले, सपा प्रमुख की ओर से है 'तलाक' मिलने का इंतजार