यूरोप के कई देशों में सुपरमार्केटों के रेफ्रिजरेशन सिस्टम हुए हैक — फ्रांस ने ईरान को ठहराया जिम्मेदार
Europe supermarkets cyberattack: हाल ही में यूरोप के कई देशों में सुपरमार्केटों के रेफ्रिजरेशन सिस्टम को निशाना बनाकर व्यापक साइबर हमले किए गए हैं—शुरुआत में रूस पर इसके पीछे होने का संदेह था। किंतु अब, फ्रांस के विदेश मंत्री ने इन घटनाओं के लिए ईरान को ज़िम्मेदार बताया है।
साइबर हमले का अर्थ किसी दूसरे कंप्यूटर सिस्टम, नेटवर्क, सर्वर या डिजिटल डिवाइस पर किया जाने वाला एक ऐसा दुर्भावनापूर्ण प्रयास है, जिसका उद्देश्य दूसरे सिस्टम का गोपनीय डेटा चुराना, उसे नुकसान पहुंचाना, या बिना अनुमति के उसकी कार्यप्रणाली को बाधित करना होता है।
फ्रांस की सरकार ने, वहां के सुपरमार्केटों की प्रशीतन प्रणाली में रखी खाद्य तथा अन्य सामग्रियों को भारी नुकसान पहुँचाने वाले इन साइबर हमलों के लिए "ईरानी पासदारान" (रिवोल्यूशनरी गार्ड) को ज़िम्मेदार ठहराया है। सरकारी अधिकारियों की जांच के आधार पर फ्रांस के विदेश मंत्री जाँ-नोएल बरो ने पुष्टि की कि "इस हमले की ज़िम्मेदारी इस्लामी गणतंत्र ईरान के रिवोल्यूशनरी (क्रांतिकारी) गार्ड की है।"
"अभूतपूर्व पैमाने और आक्रामकता" वाला हमला
फ्रांसीसी विदेश मंत्री ने इस घटना को "अभूतपूर्व पैमाने और आक्रामकता" वाला हमला बताया। फ्रांस में ईरान के राजदूत को विदेश मंत्रालय में बुला कर "इस बेहद गंभीर हरकत के लिए कड़ा विरोध दर्ज कराया गया।" फ्रांसीसी जांच में ईरानी साइबर हमलों से जुड़े सारे तौर-तरीके सामने आए हैं। इनमें ईरान की फ़ारसी भाषा के उयोग और ऐसे IP पते शामिल हैं, जो ईरान में मौजूद उपकरणों से जुड़े हैं।
अक्टूबर के मध्य में हुए इन साइबर हमलों ने पूरे फ्रांस में 10 हज़ार में से कुल 700 सुपरमार्केटों की रेफ्रिजरेशन प्रणालियों का तापमान इतना बढ़ा दिया—कई बार 50 डिग्री सेल्सियस तक— कि उनमें रखी खाने-पीने की एवं अन्य हज़ारों टन सामग्रियों को तुरंत फेंक देना पड़ा। वहां के विदेश मंत्री बरो ने कहा, "फ्रांसीसी धरती पर तोड़फोड़ के उद्देश्य से किया गया यह पहला बहुत बड़े पैमाने का साइबर हमला है। यह हमारे देश के हितों और फ्रांसीसी नागरिकों की सुरक्षा का गंभीर उल्लंघन है।"
ईरान को इस हरकत के नतीजे भुगतने होंगे
बरो ने यह भी कहा कि ईरान को इस हरकत के नतीजे भुगतने होंगे: "यूरोपीय स्तर पर, हम इस हमले के लिए जिम्मेदार सभी लोगों पर प्रतिबंध लगाएंगे।" इसके अलावा, हमले का जवाब देने और "जो लोग इसे दोहराना चाहते हैं, उन्हें रोकने के लिए" हर ज़रूरी और उचित कदम उठाए जाएंगे।
फ्रांस के अलावा, जर्मनी सहित यूरोप के कई अन्य देशों में भी ऐसे ही साइबर हमले हुए हैं, जिनमें सुपरमार्केटों के रेफ्रिजरेशन और फ्रीजिंग सिस्टम को निशाना बनाया गया है। अक्टूबर के मध्य से हो रहे इन हमलों में, हमलावरों ने इंटरनेट और कंप्यूटर के माध्यम से, दूर से ही रेफ्रिजरेटरों और फ्रीज़रों का तापमान इतना बढ़ा दिया, कि ठंडा रखने के लिए उनमें जो कुछ रखा हुआ था, वह सब किसी काम का नहीं रहा। खाने-पीने की चीजों को टनों बड़ी मात्रा में फेंकना पड़ा।
फ्रांस का रक्त बैंक भी हमले का शिकार
नवंबर के आरंभ में, फ्रांस का रक्त-बैंक भी ऐसे ही एक हमले का शिकार हुआ। अमेरिकी मीडिया के अनुसार, अमेरिका में भी साइबर हमलों की ऐसी ही कई घटनाओं की जांच चल रही है। यूरोपीय आयोग ने इस आकस्मिक संकट से निपटने के लिए एक आपातकालीन बैठक बुलाई है।
रेफ्रिजरेशन सिस्टम जैसी चीज़ों को दूर से ही नियंत्रित-संचालित करने की सुविधा में सुरक्षा संबंधी कमियां भी हो सकती हैं। जर्मनी की एक साइबर सुरक्षा फर्म "अस्विन" (Asvin) का कहना है कि "आमतौर पर, इस तरह के कंट्रोल सिस्टमों का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल होता है। उनमें से कई तक खुद जाने के बदले इंटरनेट के माध्यम से दूर रह कर भी पहुँचा जा सकता है।" इस तरह की पहुंच (एक्सेसिबिलिटी) के पीछे एक कारण यह है कि तब दूर से ही रेफ्रिजरेटरों के रखरखाव आदि का मेंटेनेंस काम किया जा सकता है— किसी तकनीशियन को मौके पर (ऑन-साइट) स्वयं जाने या रहने की जरूरत नहीं पड़ती। इससे समय और पैसे की बचत होती है।
साइबर हमलों के ज़िम्मेदारों की पहचान हुई
फ्रांस ने अपने यहाँ के सुपरमार्केटों में हुए साइबर हमलों के लिए ज़िम्मेदारों की पहचान सबसे पहले की। वही पहला ऐसा देश है, जिसने इन हमलों के लिए ज़िम्मेदार लोगों के नाम तक बताए हैं। जर्मनी के सुपरमार्केटों को भी ऐसे हमले झेलने पड़े हैं, पर जर्मन सुरक्षा अधिकारी अभी तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंचे हैं। जर्मन विदेश मंत्री योहान वाडेफुल ने कहा कि उनके पास इस मामले के बारे में कोई स्वतंत्र जानकारी नहीं है, लेकिन वे अपने समकक्ष फ्रांसीसी विदेश मंत्री के बयानों को बहुत गंभीरता से लेते हैं।
इससे पहले, ऐसी अटकलें थीं कि ये हमले तथाकथित ऐसे "हाइब्रिड हमले" हो सकते हैं, जो रूस की तरफ से किए गए हैं। फ्रांसीसी विदेश मंत्री ने यह स्पष्ट नहीं किया कि फ्रांस के बाहर अन्य देशों में हुए विभिन्न हमलों के पीछे भी ईरान का ही हाथ हो सकता है या किसी दूसरे देश का भी।

