1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Chandrayaan

Chandrayaan। NASA ने 'चंद्रयान-2' के सफल प्रक्षेपण पर ISRO को दी बधाई

Chandrayaan
वॉशिंगटन। अमेरिका की अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने सोमवार को अपनी समकक्ष भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी इसरो को चंद्रयान-2 के सफल प्रक्षेपण के लिए बधाई देते हुए कहा कि चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाले भारत के इस मिशन में हासिल की जाने वाली जानकारियों को जानने के लिए वे उत्सुक हैं।
 
सोमवार को भारत ने अपने दूसरे चंद्र मिशन 'चंद्रयान-2' को श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र (एसडीएससी) से सफलतापूर्वक प्रक्षेपित किया। 'बाहुबली' नाम के सबसे ताकतवर रॉकेट जीएसएलवी-मार्कIII एम 1 ने प्रक्षेपण के करीब 16 मिनट बाद यान को पृथ्वी की कक्षा में सफलतापूर्वक स्थापित कर दिया।

मिशन के तहत चांद के दक्षिणी ध्रुव क्षेत्र में रोवर उतारकर अन्वेषण और अध्ययन किया जाएगा। रोवर की 7 सितंबर को 'सॉफ्ट लैंडिंग' कराए जाने की योजना है।
 
नासा ने ट्वीट कर बधाई देते हुए कहा कि चंद्रमा का अध्ययन करने के लिए चंद्रयान 2 के सफल प्रक्षेपण पर इसरो को बधाई। हमारे 'डीप स्पेस नेटवर्क' के इस्तेमाल वाले आपके मिशन का समर्थन कर हमें गर्व की अनुभूति हो रही है और हम यह जानने की प्रतीक्षा में हैं कि आप चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के बारे में क्या जानकारियां जुटाते हैं, जहां हम आने वाले कुछ वर्षों में आर्टेमिस मिशन के जरिए अंतरिक्ष यात्रियों को भेजेंगे।
 
नासा ने 20 जुलाई को ही चंद्रमा पर उतरने की 50वीं वर्षगांठ मनाई है। नासा चंद्रमा को लेकर एक महत्वाकांक्षी मिशन 'आर्टेमिस मिशन' पर काम कर रहा है जिसमें 'पहले महिला और उसके बाद पुरुष' चांद की सतह पर उतरेंगे। 
अगला लेख
चंद्रयान 2 प्रक्षेपण : नेहरू के गुणगान पर कांगेस हुई ट्रोल, कहा- चंद्रमा पर कदम रखने वाले पहले व्यक्ति थे नेहरू