1. समाचार
  2. वेबदुनिया सिटी
  3. इंदौर
  4. Give us blood, and we will give you VIP darshan: A unique initiative for darshan at Omkareshwar.

तुम हमें खून दो, हम तुम्‍हें VIP दर्शन देंगे, ओंकारेश्‍वर में दर्शन के लिए अनोखी पहल, रक्‍तदान करो और कतार से बचो

Omkareshwar VIP
मध्‍यप्रदेश के इंदौर से सटे ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग में पुण्य के साथ 'VIP' दर्शन की सुविधा शुरू की गई है। इस अनोखी पहल के तहत अगर श्रद्धालु अपना रक्‍त दान करता है तो उसे वीआईपी दर्शन की सुविधा दी जाएगी। जी हां, आपने सही सुना। ओंकारेश्‍वर में भगवान शिव के ज्‍योर्तिलिंग दर्शन के लिए रक्तदान कीजिए और सीधे पाइए बाबा के दर्शन। यानी प्रसिद्ध ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए उन लोगों को कतार में नहीं लगना पडेगा जो वहां रक्‍त दान करेंगे।

मंदिर प्रशासन और स्थानीय स्वास्थ्य विभाग ने यह नई मुहिम शुरू की है, जिसके तहत रक्तदान करने वाले श्रद्धालुओं को बिना किसी रुकावट के सीधे 'VIP दर्शन' कराए जा रहे हैं। जहां एक ओर इस पहल को लेकर युवाओं और श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है, वहीं प्रशासन ने यह भी साफ किया है कि जो लोग रक्तदान नहीं करना चाहते या अक्षम हैं, वे हमेशा की तरह सामान्य प्रक्रिया और कतारों के माध्यम से बाबा के दर्शन कर सकेंगे।

रक्त दो और दर्शन करो : इस योजना के तहत एक रक्त दान करने वाले के साथ उसके परिवार के दो अन्य सदस्य भी दर्शन कर सकते हैं। योजना का लाभ लेने के लिए श्रद्धालुओं को ओंकारेश्वर स्थित शांति निकेतन वृद्ध आश्रम में स्थापित रक्तदान केंद्र पर पहुंचना होता है। यहां काउंटर से आवेदन फॉर्म प्राप्त कर भरकर जमा करने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा आवश्यक स्वास्थ्य जांच की जाती है। पात्र पाए जाने पर श्रद्धालु रक्तदान कर सकते हैं। रक्तदान के बाद उन्हें जूस, बिस्कुट एवं कुछ समय विश्राम की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है।

ब्‍लड डोनेट के बाद जारी होता है रिस्‍ट बैंड : रक्तदान के बाद प्रशासन की ओर से रक्त दान करने वाले को बकायदा प्रमाण-पत्र दिया जाता है। शीघ्र दर्शन के लिए उसकी जानकारी ऑनलाइन दर्ज की जाती है। इसके बाद रक्तदाता के मोबाइल पर एक संदेश भेजा जाता है। इस संदेश को टिकट काउंटर पर दिखाने पर रिस्ट बैंड जारी किया जाता है, जिसके माध्यम से रक्तदाता अपने साथ दो अन्य परिजनों सहित नि:शुल्क शीघ्र दर्शन कर सकता है।

रोजाना 40 हजार श्रद्धालु पहुंच रहे ओंकारेश्‍वर : बता दें कि रोजाना करीब 40 हजार श्रद्धालु ओंकारेश्वर दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। इनमें से करीब 50 श्रद्धालु प्रतिदिन रक्तदान कर रहे हैं। उनके साथ दो-दो अन्य परिजन भी शीघ्र दर्शन की सुविधा प्राप्त कर रहे हैं। इस प्रकार रोज करीब 150 श्रद्धालु इस विशेष योजना के माध्यम से नि:शुल्क और शीघ्र दर्शन का लाभ ले रहे हैं। जिला प्रशासन का मानना है कि इससे रक्तदान के प्रति जागरूकता के साथ ही लोगों में आस्था भी बढेगी। वहीं, जरूरतमंदों को रक्‍त भी मिल सकेगा।

राहुल शर्मा (24 वर्ष, इंदौर से आए श्रद्धालु)
"मैं पहली बार ओंकारेश्वर आया हूं। यहां आकर जब पता चला कि रक्तदान करने पर सीधे दर्शन मिल रहे हैं, तो मैंने तुरंत हाँ कर दी। वैसे भी कतारों में 2-3 घंटे खड़े रहना पड़ता है, यहाँ आधे घंटे में रक्तदान भी हो गया और बाबा के दर्शन भी बहुत अच्छे से हो गए। सबसे बड़ी खुशी इस बात की है कि मेरा खून किसी जरूरतमंद की जान बचाने के काम आएगा। यह आस्था और सामाजिक सरोकार का बहुत ही शानदार संगम है।"

मंजू शुक्ला (45 वर्ष, भोपाल से आईं श्रद्धालु)
"गर्मी और भीड़ के कारण लाइन में लगना थोड़ा मुश्किल हो रहा था। जब प्रशासन की इस अनोखी पहल के बारे में सुना, तो मन खुश हो गया। भगवान शिव तो खुद दानी हैं, उनके दरबार में आकर अगर हम किसी बीमार के लिए थोड़ा सा खून दान कर सकें, तो इससे बड़ा पुण्य और क्या होगा? बिना किसी परेशानी के VIP दर्शन भी हो गए और दिल को एक अनोखा सुकून भी मिला। इस व्यवस्था के लिए मंदिर प्रशासन की जितनी तारीफ की जाए, कम है।"
Edited By: Naveen R Rangiyal
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
आसाराम को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका, उम्र और बीमारी का हवाला भी नहीं आया काम, जमानत से इनकार