राजा रघुवंशी हत्याकांड में नई मिस्ट्री गर्ल की एंट्री, कौन है सोनम की नई राजदार, क्यों उलझ रही गुत्थी?
राजा रघुवंशी हत्याकांड की गुत्थी सुलझने की बजाए उलझती जा रही है। अब इस कांड में एक नई लडकी की एंट्री हो गई है। जिसे सोनम की दोस्त या कहें राजदार बताया जा रहा है। पुलिस अब तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है, बस रोज कोई न कोई परत उजागर हो रही है। बता दें कि राजा की हत्या की आरोपी पत्नी सोनम, प्रेमी राज कुशवाह और उसके दोस्त पुलिस की हिरासत में है।
सहेली से 24 घंटे बात करती थी सोनम : दरअसल, राजा की मां उमा रघुवंशी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि सोनम की चार महिला मित्र थीं। उन्हें सहेलियों को नाम तो याद नहीं है, मगर उन्होंने बताया कि सोनम उस महिला मित्र से भोपाल में मिल चुकी है। वह लड़की सोनम के साथ चौबीसों घंटे रहा करती थी। उन्होंने सहेली पर संदेह जताया है कि उसके पास मामले से जुड़ी कई अहम जानकारियां हो सकती हैं। हालांकि, इंदौर पहुंची मेघालय पुलिस ने सोनम की दोस्त को लेकर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है, लेकिन अब कई तरह के सवाल उठने शुरु हो गए हैं कि क्या यही लड़की तो सोनम की राजदार नहीं? बरहाल इस मिस्ट्री फ्रेंड से पूछताछ में ही सबकुछ स्पष्ट हो पाएगा कि क्या सोनम की मदद उसने की थी या नहीं?
राज ही निकला संजय वर्मा : इसके पहले सोनम के प्रेमी राज के अलावा एक नया नाम सामने आया था संजय वर्मा। पिछले 24 घंटे से अटकलें लगाई जा रही थी कि ये संजय वर्मा कौन है। इसे सोनम का एक और प्रेमी बताया जा रहा था और कहा जा रहा था कि पुलिस संजय वर्मा की तलाश कर रही है और उसके मिलने पर नए राज सामने आ सकते हैं, लेकिन आखिरकार राज ही संजय वर्मा निकला। बताया जा रहा है कि एक दूसरे फोन से सोनम राज से बात करती थी और उसका नाम संजय वर्मा नाम से सेव कर रहा था।
बता दें कि, राजा और सोनम की शादी 11 मई को हुई थी। 20 मई को दोनों हनीमून के लिए पहले गुवाहाटी गए और फिर शिलॉन्ग चले गए थे। 23 मई से ही दोनों लापता थे। जिसके बाद 2 जून को राजा की लाश एक गहरी खाई से बरामद की गई थी। राजा रघुवंशी की हत्या के आरोप में सोनम को गिरफ्तार कर लिया गया। गुरुवार को पुलिस उसे कोर्ट में पेश करेगी।
Edited By: Navin Rangiyal