1. समाचार
  2. वेबदुनिया सिटी
  3. इंदौर
  4. A fake Instagram account has tarnished the image of Daly College.

फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट से डेली कॉलेज की इमेज की खराब, आरोप में 4 लोगों पर केस दर्ज

daly college
इंदौर में स्‍थित प्रसिद्ध डेली कॉलेज की सोशल मीडिया पर छवि खराब करने के आरोप में 4 लोगों के खिलाफ क्राइम ब्रांच ने प्रकरण दर्ज किया है। आरोपियों ने जुलाई 2025 से सुनियोजित साजिश करते हुए यह हरकत की थी। हैरान करने वाली बात है कि इसमें एक आरोपी संस्था के सदस्य भी हैं।

क्राइम ब्रांच एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि डेली कॉलेज सोसायटी के अधिकृत प्रतिनिधि की शिकायत पर आरोपी संदीप पिता छोटेलाल पारेख निवासी सांघी कॉलोनी, अनुराग पिता कमलेश जैन निवासी स्कीम नंबर 74, रंजीत सिंह पिता सुरेंद्र सिंह नामली निवासी गुलमोहर प्राइड और मानवीर पिता वीरेंद्र सिंह बायस निवासी साकेत नगर के खिलाफ केस दर्ज किया है।

क्‍या है शिकायत में : प्रतिनिधि ने शिकायत की थी कि इन लोगों ने जुलाई 2025 में संयुक्त रूप से “VoiceOfDC” नाम से एक फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट तैयार कर उसका संचालन शुरू किया था। शिकायत में कहा गया है कि इस अकाउंट का उद्देश्य शिकायतकर्ता, विद्यालय तथा उसके प्रबंधन समिति के सदस्यों की प्रतिष्ठा को धूमिल करना और उन्हें नुकसान पहुंचाना था।

इस अकाउंट पर सोसाइटी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर के खिलाफ झूठी, असत्य, अपमानजन, दुर्भावना पूर्ण, और परेशानी करने वाली पोस्ट की जा रही थी। इतना ही नहीं संस्था से जुड़े लोगों को शैक्षणिक संस्थान के खिलाफ काम करने के लिए भी उत्प्रेरित किया जा रहा था।

संस्थान की गरिमा के खिलाफ थी पोस्ट शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट के संबंध में जानकारी प्राप्त करने पर एवं “अहेड मीडिया” नामक फर्म की स्वामिनी अलीशा सैनी से जानकारी मिली थी। तब पता चला कि यह मानहानिकारक अकाउंट आरोपियों द्वारा संयुक्त रूप से संचालित किया जा रहा था।

अलीशा सैनी, पूर्व में संदीप पारेख के डिजिटल कार्य से जुड़ी थीं, को ऐसे पोस्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए। ये पोस्ट डेली कॉलेज जैसी संस्था की गरिमा के खिलाफ थे। इसलिए उन्होंने इसे अपनी नैतिकता के विरुद्ध मानते हुए उन्होंने इनकार किया और पूरे मामले की जानकारी प्रबंधन को दी।
Edited By: Naveen R Rangiyal
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
केरल के CM विजयन का राहुल पर पलटवार, बोले- वे अनुभव से नहीं सीखते... भाजपा की बी टीम है कांग्रेस