शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रपति चुनाव 2022
  4. BSP supports Draupdi Murmu in President election
Written By
Last Updated : शनिवार, 25 जून 2022 (12:45 IST)

राष्‍ट्रपति चुनाव : द्रौपदी मुर्मू को बसपा का समर्थन

राष्‍ट्रपति चुनाव : द्रौपदी मुर्मू को बसपा का समर्थन - BSP supports Draupdi Murmu in President election
लखनऊ। बसपा ने एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को शनिवार को समर्थन देने की घोषणा की। बसपा प्रमुख मायावती ने कहा कि हमने राष्ट्रपति चुनाव के लिए राजग की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने का फैसला किया है।
 
उन्होंने कहा कि हमारा यह फैसला न तो भाजपा या राजग के समर्थन में है और न ही विपक्ष के खिलाफ है, बल्कि अपनी पार्टी और आंदोलन को ध्यान में रखते हुए हमने यह फैसला किया है।
 
मायावती ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी के विचार और देश में एक सक्षम एवं समर्पित जनजातीय महिला को राष्ट्रपति बनाने के आंदोलन को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार का फैसला करते समय बसपा को परामर्श से बाहर रखने के लिए मायावती ने विपक्षी दलों की भी आलोचना की और कहा कि उनकी पार्टी राष्ट्रपति चुनाव पर अपना निर्णय लेने के लिए स्वतंत्र है।
 
गौरतलब है कि सत्तारूढ़ राजग की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
 
कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी समेत विपक्षी दलों के संयुक्त उम्मीदवार यशवंत सिन्हा 27 जून को राष्ट्रपति पद के लिए नामांकन दाखिल करने वाले हैं। मतदान 18 जुलाई को होगा और वोटों की गिनती 21 जुलाई को होगी।