गुरुवार, 10 अप्रैल 2025
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. किसान आंदोलन
  4. Farmers got Varun Gandhi's support
Written By
Last Updated : रविवार, 5 सितम्बर 2021 (18:17 IST)

किसानों को मिला वरुण गांधी का साथ, 'महापंचायत' का किया समर्थन

Farmer Protest
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में 3 कृषि कानूनों के खिलाफ 'किसान महापंचायत' कर रहे किसान संगठनों को भाजपा सांसद वरुण गांधी का भी समर्थन मिल गया है। भले ही केंद्र सरकार और पार्टी कृषि कानूनों की वापसी को नकार रहे हैं, मगर भाजपा सांसद वरुण गांधी किसानों के पक्ष में आज आवाज उठाते दिखे।

खबरों के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में 3 कृषि कानूनों के खिलाफ 'किसान महापंचायत' कर रहे किसान संगठनों का समर्थन करते हुए भाजपा सांसद वरुण गांधी ने सुझाव दिया कि सरकार को किसानों के साथ आम सहमति तक पहुंचने के लिए फिर से बातचीत का रास्ता खोलना चाहिए।
वरुण ने महापंचायत में उमड़ी भीड़ का एक वीडियो पोस्ट करते हुए ट्वीट किया कि लाखों किसान आज मुजफ्फरनगर में विरोध-प्रदर्शन के लिए जमा हुए हैं। वे हमारे अपने खून हैं। हमें उनके साथ सम्मानजनक तरीके से फिर से जुड़ने की जरूरत है। उनके दर्द, उनके नजरिए को समझें और आम सहमति तक पहुंचने के लिए उनके साथ काम करें।

मुजफ्फरनगर में आयोजित किसान पंचायत में देशभर से सैकड़ों किसानों का सैलाब इसमें हिस्सा लेने के लिए पहुंचा है। इसमें महिलाएं भी बढ़-चढ़कर शामिल हुई हैं। महापंचायत के मद्देनजर सुरक्षा की दृष्टि से चप्पे-चप्पे पर पुलिसबल तैनात है।