1. चुनाव 2022
  2. दिल्ली नगर निगम चुनाव 2022
  3. न्यूज़: दिल्ली नगर निगम चुनाव 2022
  4. Politics over garbage in MCD elections

MCD चुनाव में कूड़े पर सियासत, मनीष सिसोदिया ने किया वादा

Manish Sisodia
नई दिल्ली। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने दावा किया कि लोग भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का कचरा साफ करने के लिए नगर निगम (एमसीडी) चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) को मत देंगे। उन्होंने कहा कि अगर अरविंद केजरीवाल नीत आप एमसीडी में सत्ता में आती है तो दिल्ली में कचरे के सारे ढेर 5 साल में गायब हो जाएंगे।
 
सिसोदिया पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर इलाके में कूड़े के ढेर (लैंडफिल साइट) का दौरा करने के बाद यहां पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि सिर्फ यह दिखाने के लिए कि गाजीपुर में कूड़े के ढेर की ऊंचाई कम हो गई है, भाजपा नीत दिल्ली नगर निगम ने यहां का कचरा उठाकर आसपास के इलाकों में फेंक दिया।
 
उन्होंने आरोप लगाया कि इस समस्या का हल निकालने के लिए भाजपा के इरादे मजूबत नहीं हैं। 
सिसोदिया ने कहा कि 4 दिसंबर को होने वाले निगम चुनाव में लोग स्वच्छ दिल्ली के लिए भाजपा का कचरा साफ करने के लिए झाडू (आप) को वोट देंगे।
 
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल खुद एक इंजीनियर हैं और वे सावधानीपूर्वक योजना बनाते हैं। दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में दिल्ली से ढलाव घर और कचरे के ढेर हटाने की योजना बनाई है। सिसोदिया ने कहा कि अगर अरविंद केजरीवाल नीत आप एमसीडी में सत्ता में आती है तो दिल्ली में कचरे के सारे ढेर 5 साल में गायब हो जाएंगे। हमारे पास योजना मौजूद है।
 
Edited by: Ravindra Gupta