शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020
  3. समाचार
  4. Delhi Assembly election campaign in full swing
Written By
Last Updated : सोमवार, 3 फ़रवरी 2020 (12:52 IST)

दिल्ली में मतदान से पहले अंतिम रविवार को राजनीतिक दलों के नेताओं ने किया जोरदार प्रचार

दिल्ली में मतदान से पहले अंतिम रविवार को राजनीतिक दलों के नेताओं ने किया जोरदार प्रचार - Delhi Assembly election campaign in full swing
नई दिल्ली। दिल्ली में 8 फरवरी को होने जा रहे विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक दलों के कई नेताओं ने आखिरी रविवार का अपने उम्मीदवारों के पक्ष में समर्थन जुटाने के लिए भरपूर इस्तेमाल किया और रैलियां एवं जनसभाएं कीं।
भाजपा ने विशाल संपर्क अभियान चलाया और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत उसके अन्य शीर्ष नेताओं ने सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा किया। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपनी आम आदमी पार्टी के पक्ष में विश्वासनगर, लक्ष्मी नगर और रिठाला में जनसभाएं कीं और किराड़ी एवं मुंडका में रोड शो किया।
प्रचार के बाद भाजपा नेता चुनाव की तैयारियों की समीक्षा एवं पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल ऊंचा करने के लिए पार्टी के 85 चुनाव कार्यालय गए।
 
शाह और नड्डा ने संशोधित नागरिकता कानून को लेकर शाहीन बाग में हो रहे प्रदर्शन पर आप और कांग्रेस को निशाना बनाया। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने दिल्ली और करोलबाग में आप पर तुष्टिकरण एवं ध्रुवीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया।
 
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने रोहिणी, महरौली, आरके पुरम, कस्तूरबा नगर में प्रचार करते कहा कि बदलाव के लिए राजनीति में आने वाले केजरीवाल राष्ट्रविरोधी तत्वों का समर्थन कर रहे हैं। उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शाहीन बाग में प्रदर्शन को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा।
 
बिहार के मुख्यमंत्री और जदयू प्रमुख नीतीश कुमार ने केजरीवाल पर प्रहार किया और कहा कि कुछ लोगों को काम के बजाय प्रचार में अधिक रुचि है। लोकजनशक्ति पार्टी के नेता चिराग पासवान में संगम विहार में प्रचार किया। भाजपा, जदयू और लोजपा के साथ मिलकर दिल्ली विधानसभा चुनाव लड़ रही है।
 
कांग्रेस ने रविवार को चुनाव घोषणापत्र जारी किया। उसने प्रतिमाह 5000-7500 रुपए बेरोजगारी भत्ता देने और दिल्ली में सत्ता में आने पर विवादास्पद संशोधित नागरिकता कानून को उच्चतम न्यायालय में चुनौती देने का वादा किया। राजद नेता तेजस्वी यादव ने भी पालम में अपनी पार्टी के उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार किया।
 
अमित शाह ने दिल्ली कैंट विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क किया जबकि नड्डा ने ग्रेटर कैलाश में प्रचार किया। केंद्रीय मंत्री और दिल्ली विधानसभा के पार्टी (भाजपा) चुनाव प्रभारी प्रकाश जावड़ेकर, दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष मनोज तिवारी और केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन ने भी पार्टी उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार किया।
ये भी पढ़ें
राहुल गांधी ने क्यों कहा, वित्तमंत्री जी मेरे सवालों से मत डरिए...