कढ़ाई में रखी मछली चटका गए थे चूहे, दोस्त पर किया शक और इतना मारा कि हो गई मौत
मुंबई में दोस्त की हत्या का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। दरअसल, यहां के वनराई इलाके में दो दोस्तों ने मिलकर एक दोस्त की हत्या कर दी। मछली खाने पर हुए विवाद के बाद दोस्त की हत्या की बात सामने आ रही है। इस मामले में वनराई पुलिस ने जिन दो आरोपियों को हरियाणा के कैथल से गिरफ्तार किया है, उनसे हुई पूछताछ में जो जानकारी सामने आई है, उसे सुनकर पुलिस भी स्तब्ध रह गई।
क्या है पूरा मामला : पुलिस ने बताया कि मृतक अफसर (35) की दोस्ती सुरेश और राजेश उर्फ नेपाली से थी। 23 फरवरी की सुबह तीनों मछली लेकर आए। तीनों मिलकर मछली पकानी शुरू की। इस दौरान वे तीनों खाना बनाते हुए शराब भी पी रहे थे। कुछ देर बाद सुरेश और राजेश को नींद आ गई और दोनों सो गए जबकि अफसर भी दोनों के पास बैठकर अकेले ही शराब पीने लगा। अधिक नशे में होने के कारण वह यानी अफसर भी वहीं सो गया।
उधर, कढ़ाई में बनी मछली पकने के बाद ठंडी हो गई और उसे चूहों ने खा लिया। चूहों के मछली खाने से कढ़ाई खाली हो गई। सुरेश और राजेश को लगा कि अफसर सब मछली खा गया। इसी शक पर दोनों ने मिलकर अफसर को इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई।
बता दें कि तीनों कचरा बिनने का काम करते थे और ये कच्चे झोपड़ी में रहते हैं, जहां घूस (बड़े-बड़े चूहे) अच्छी खासी संख्या में पाई जाती हैं।
ऐसे मारा दोस्तों ने मिलकर : उधर, देर शाम को जब सुरेश और राजेश की नींद खुली और वे खाने के लिए उठे तो उन्हें कड़ाही में मछली नहीं मिली। दोनों को शक हुआ कि अफसर पूरी मछली खा लिया है और वह सो रहा है। इस शक में दोनों का गुस्सा भड़क गया और उन्होंने अफसर को पहले जगाने की कोशिश की और गहरी नींद में सोए अफसर नहीं उठा तो उन्होंने लात-घूंसों से उसकी जमकर पिटाई कर दी। आरोप है कि दोनों ने उसके शरीर पर पत्थर से हमला कर दिया जिससे उसकी मौत हो गई। अधिक मात्रा में खून बहता हुआ देख दोनों डर गए और वे भाग कर हरियाणा के कैथल चले गए। यहां राकेश का घर है।
Edited By: Naveen R Rangiyal
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क