1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. आलेख

दास्तान-ए-सचिन तेंडुलकर

सचिन तेंडुलकर
एक दिवसीय मैचों में किसी भी अन्य खिलाड़ी की तुलना में सर्वाधिक कीर्तिमान अपने नाम दर्ज कराने वाले सचिन तेंडुलकर अब तो कीर्तिमान के पर्याय ही बन चुके हैं। अभी-अभी बड़ौदा में (वि. ऑस्ट्रेलिया) उन्होंने 400 वन डे मैच खेलने का श्रेय प्राप्त किया था और इस संदर्भ में वे जयसूर्या के बाद दूसरे खिलाड़ी बन गए थे।

पाकिस्तान के खिलाफ पाँच मैचों की श्रृंखला खत्म होने पर सचिन ने अपने ॅरियर में सर्वाधिक 407 मैच खेल लिए और जयसूर्या की मैच संख्या (404) को पीछे छोड़ दिया। अभी उन्हें ऑस्ट्रेलिया जाना ही है, क्योंकि उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 278 तथा पाकिस्तान के खिलाफ 259 रन बनाकर अपना दावा पुख्ता कर लिया है। तो उनके द्वारा खेले गए मैचों की संख्या, उनकी शतकों, अर्धशतकों, उनके रनों की संख्या में वृद्धि होना अवश्यंभावी है। अब तो होने यह लगा है कि वे एक मैच आगे बढ़ते हैं और कोई एक रिकॉर्ड उनके नाम हो जाता है।

शतक के पूर्व नर्वस नाइंटी के फेर में पड़ना भी उनका एक रिकॉर्ड है। करियर में 16 बार नर्वस नाइंटी का शिकार बनना कोई आसान काम तो नहीं है, पर सचिन ने उसे भी आसान बना दिया है। आइए देखें सचिन के खेल करियर की कुछ बातें-

सचिन और उनके मैच उच्चांक : पाकिस्तान के खिलाफ गुजराँवाला में (18 दिसंबर 1989) में उन्होंने खेला था अपना पहला मैच और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बड़ौदा (11 अक्टूबर 2007) में सचिन ने खेला अपना 400वाँ मैच। उस और इस के बीच सचिन ने लिया 17 वर्ष 297 दिन का समय। कानपुर में जयसूर्या की मैच संख्या (404) को पार करने वाले सचिन का सफर अभी जारी है।
संदर्भ उपलब्धियों का और सचिन : सचिन 15000 रनों के पार पहुँचने वाले पहले खिलाड़ी हैं और शीघ्र ही वे 16000 के पार पहुँचने वाले भी पहले खिलाड़ी बन जाएँगे। मात्र 28 रनों की इसमें कमी है। सचिन के नाम सर्वाधिक शतकें (41), सर्वाधिक अर्धशतकें (87), सर्वाधिक 50 प्लस की पारियाँ (128), सर्वाधिक मैच (407) और सर्वाधिक नर्वस नाइंटी पारियाँ (16) दर्ज हैं।

* सचिन ने 25 अप्रैल 1990 से 24 अप्रैल 1998 के बीच के समय में 185 मैच अनवरत खेलने का करिश्मा किया है।

* सचिन ने जयपुर तक सर्वाधिक 56 बार मैन ऑफ द मैच और सर्वाधिक 13 बार मैन ऑफ द सीरिज का पुरस्कार प्राप्त किया है।

* मैचों के संदर्भ में सचिन सबसे तेज 10000, 11000 व 12000 रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।

* सचिन ने 15000 रन (15962), 150 विकेट (154) तथा 100 कैच (120) का विशिष्ट करिश्मा किया है।

* सचिन के टीम में रहते हुए भारत ने जिन 201 मैचों में जीत हासिल की है, उन मैचों में सचिन ने 9563 रन बनाए हैं जो एक विशिष्ट कीर्तिमान है। इन रनों में उनकी 29 शतकें भी शामिल हैं अर्थात उनके द्वारा बनाई गई सिर्फ 12 शतकें ही ऐसी रहीं जिनमें भारत को जीत नहीं मिली।

* अपने मैचों में सचिन ने 82 शतकीय साझेदारियों में भाग लिया। इनमें से 6 साझेदारियाँ 200 प्लस की रहीं और सचिन-सौरव की सलामी जोड़ी भारत के लिए रिकॉर्ड 8000 प्लस रन अपने बीच जोड़ चुकी है। कीर्तिमान पर कीर्तिमान।

* राहुल द्रविड़ (153) के साथ सचिन (186) ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे विकेट के लिए रिकॉर्ड 331 रनों की साझेदारी निभाई (हैदराबाद, 8 नवंबर 1999)।

* एक कैलेंडर वर्ष में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड- 1998 में सचिन ने 34 मैचों में 1894 रन बनाने का करिश्मा किया। इन रनों में उनकी सर्वाधिक 9 शतकें भी शामिल हैं। एक और करिश्मा ये कि वे अब तक सात कैलेंडर वर्षों में 1000 प्लस रन बना चुके हैं।

* तीन टीमें सचिन के बल्ले से विशेष रूप से आहत हुई हैं। ये टीमें हैं ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान एवं श्रीलंका। तीनों के खिलाफ वे 2000 प्लस रन बना चुके हैं।

* भारत से बाहर भारत द्वारा खेले गए मैचों में सचिन ने सर्वाधिक 25 शतकों सहित 43.39 औसत से 10196 रन बना डाले हैं।

* सचिन ने क्रिकेट के महाकुंभ अर्थात विश्व कप में रिकॉर्ड 1796 रन 57.94 औसत से बनाए हैं और वे 1991-92 से लगातार पाँच स्पर्धाओं में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

* दो बार विश्व कप स्पर्धा में 500 प्लस रन बनाने का करिश्मा। 1995-96 में 7 मैचों से 523 रन (87.17 औसत) बनाने वाले सचिन ने 2002-03 विश्व कप में 11 मैचों में 673 रन (61.18 औसत) बनाकर अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा। एक विश्व कप में सर्वाधिक रन (673) बनाने का करिश्मा।

* 41 शतकें बने चुके सचिन 16 बार नर्वस नाइंटी के शिकार बन चुके हैं, (दोनों रिकॉर्ड) अन्यथा सचिन की शतकें शतकों के अर्धशतक बना डालतीं। खैर, अभी तो सचिन चल रहे हैं, सचिन का बल्ला चल रहा है, कब वे थमेंगे, कब उनका बल्ला थमेगा, यह तो स्वयं वे ही नहीं जानते। नए रिकॉर्ड तो बनेंगे ही।