1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. आलेख

ट्वेंटी- 20 क्रिकेट टोटल इंटरटेनमेंट

ट्वेंटी-20 विश्व कप दक्षिण अफ्रीका
- किरण वाईकर
पहला ट्वेंटी-20 विश्व कप दक्षिण अफ्रीका में 11 से 24 सितंबर तक खेला जाएगा और इस दौरान दुनियाभर के क्रिकेटप्रेमियों को मिलेगी रोमांचक क्रिकेट की ऐसी दावत जहाँ हर गेंद का महत्व होगा।

दुनिया के 12 देश खेल की इस विधा में अपना सिक्का जमाने के इरादे से मैदान में उतरेंगे। चूँकि अभी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसके ज्यादा मैच नहीं खेले गए हैं, इसलिए ताज किसके सर पर होगा यह अंदाजा लगा पाना तो मुश्किल है। वैसे इसका पता तो 24 सितंबर को जोहानसबर्ग में ही चलेगा फिर भी क्रिकेट के जानकार टेस्ट और वन-डे क्रिकेट के बादशाह ऑस्ट्रेलिया को ही खिताब के प्रबल दावेदार के रूप में देख रहे हैं।

दुनिया भर में फुटबॉल की लोकप्रियता सबसे ज्यादा है और उसी के अनुरूप क्रिकेट को भी कम अवधि का बनाकर दुनियाभर में लोकप्रिय बनाने की पहल के रूप में इसे देखा जा रहा है। अब योरपीय देशों को इस खेल से आसानी से जोड़ा जा सकेगा। मूल रूप से इसे युवाओंका खेल माना जा रहा है लेकिन इसमें जोश के साथ ही अनुभव भी काफी कारगर साबित होगा।

पिछले कुछ वर्षों में जब शुद्ध रूप से मनोरंजन के लिए क्रिकेट देखने वाले प्रशंसक वन-डे क्रिकेट के एकतरफा मैचों से ऊबने लगे तब ऐसी ही स्थितियों में ट्वेंटी-20 क्रिकेट की शुरुआत की गई। तीन घंटे के खेल के दौरान पूरा मनोरंजन यानी दर्शकों के लिहाज से'पैसा वसूल'।

शुरुआत में टेस्ट क्रिकेट खेला जाता था। रोमांच बढ़ाने के लिए 60 ओवरों का मैच शुरू हुआ और आगे जाकर यह 50 ओवरों का हो गया। लेकिन अब समय की बचत तथा ज्यादा मनोरंजन को ध्यान में रखकर वजूद में आया 'ट्वेंटी-20 क्रिकेट'
वेस्टइंडीज में वर्ष की शुरुआत में हुआ वन-डे विश्व कप बेहद नीरस रहा तथा 51 मैचों में से 4-5 मैच ही रोमांचक रहे। क्रिकेट के जानकार 50-50 ओवरों के मैच में टीमों को देखते हुए परिणाम का पूर्वानुमान लगा लेते हैं जो तकरीबन 90-95 प्रतिशत सही साबित होते हैं, इस वजह से युवा वर्ग वन-डे क्रिकेट से दूर होता जा रहा था।

इसके विपरीत ट्वेंटी-20 क्रिकेट में परिणाम का अंदाजा लगाया जाना मुश्किल होगा, क्योंकि इस कम अवधि के क्रिकेट में एक गलती मैच को ले डूबेगी। यहाँ कोई भी सामान्य क्रिकेटर किसी भी दिन ख्यात टीम को पटरी से उतार सकेगा, क्योंकि उसे तो सिर्फ क्रीज पर उतरते ही जोरदार तरीके से बल्ला घुमाना होगा।

'हिट एंड रन' के इस खेल में कलात्मक क्रिकेट के लिए शायद ही कोई जगह होगी और सबसे ज्यादा शामत इसमें गेंदबाजों की होगी। बल्लेबाजों केमददगार नियमों वाले इस खेल में दर्शक भी आएँगे तो रनों की बौछार देखने और उनके हाथों में होंगे 4 और 6 रनों वाले पोस्टर, जिन्हें वे पूरे समय लहराते रहना चाहेंगे और कार्निवाल क्रिकेट के इस माहौल में सिर्फ गेंदबाज ही एक-दूसरे का संबल बढ़ाते नजर आएँगे।

वन-डे क्रिकेट में स्पिनर तो बने हुए हैं, लेकिन उनके द्वारा फ्लाइट गेंदबाजी की कला लुप्तप्राय होती जा रही है, अब ट्वेंटी-20 क्रिकेट में तो ऐसी गेंदें डालना यानी मुश्किलों को दावत देना होगा। यहाँ तो अनिल कुंबले, क्रिस गेल या सनत जयसूर्या की तरह सीधी-सीधी तेज गेंद डालने वाले स्पिनर ही चल पाएँगे।

यदि खिताब के दावेदारों की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया तथा इंग्लैंड का पलड़ा मजबूत नजर आता है। मजे की बात यह है कि ये दोनों टीमें एक ही ग्रुप 'बी' में हैं। युवाओं के खेल समझे जाने वाले इस प्रारूप में भी ऑस्ट्रेलियाई टीम में अनुभवी खिलाड़ियों की भरमार है, क्योंकि वे हर तरह की स्थितियों के अनुरूप अपने आपको ढालने की क्षमता रखते हैं।

टेस्ट और वन-डे क्रिकेट के बादशाह कहे जाने वाले कंगारू अब खेल के इस प्रारूप का ताज भी पहनने के लिए बेताब नजर आ रहे हैं। 5 ट्वेंटी-20 मैच खेलकर 3 में जीत दर्ज कर चुकी टीम के पास कई ऐसे खिलाड़ी मौजूद हैं, जो अपने बलबूते पर ही मैच जिताने की क्षमता रखते हैं।

इंग्लैंड में कई वर्षों से ट्वेंटी-20 क्रिकेट खेला जा रहा है और इस बार इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने विश्व कप के लिए इस प्रारूप के विशेषज्ञ खिलाड़ियों की टीम चुनी है। युवा सितारों से सजी यह टीम इंग्लैंड को पहला विश्व कप दिलाने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।

भारत की अनुभवी सितारा तिकड़ी सचिन तेंडुलकर, राहुल द्रविड़ तथा सौरव गांगुली द्वारा इस विश्व कप से अपने आपको दूर रखने के फैसले से चयनकर्ताओं का काम आसान हो गया।

चयनकर्ताओं ने महेंद्रसिंह धोनी की अगुवाई में ऐसी टीम चुनी है जिसमें वीरेंद्र सहवाग, हरभजनसिंह, युवराजसिंह तथा अजीत आगरकर जैसे अनुभवी खिलाड़ी हैं तो पीयूष चावला, रोहित शर्मा, यूसुफ पठान और जोगिंदर शर्मा जैसे युवा खिलाड़ी भी। टीम इंडिया संतुलित तो है, लेकिन देखना है कि ये युवा खिलाड़ी मैदान पर कैसा प्रदर्शन कर पाते हैं।

बल्लेबाजों के इस खेल में ऑस्ट्रेलिया के एडम गिलक्रिस्ट, मैथ्यू हैडन, एंड्रयू साइमंड्स, श्रीलंका के सनत जयसूर्या, कुमार संगकारा, महेला जयवर्धने, भारत के वीरेन्द्र सहवाग, गौतम गंभीर, रॉबिन उथप्पा, युवराजसिंह, पाकिस्तानी कप्तान शोएब मलिक, शाहिद अफरीदी, यूनुस खान, वेस्टइंडीज के रामनरेश सरवन, क्रिस गेल पर सभी प्रशंसकों की नजरें रहेंगी। इनके अलावा भी कई ऐसे खिलाड़ी हैं जो अपने खेल से सभी को अचंभित कर सकते हैं।

2 सितंबर 2007 तक मात्र 18 अंतरराष्ट्रीय ट्वेंटी-20 मैच खेले गए हैं। ट्वेंटी-20 क्रिकेट में भले ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेले गए मैचों की संख्या ज्यादा नहीं है, लेकिन फिर भी फटाफट क्रिकेट की इस नई विधा में अभी से एक पारी में 200 से ज्यादा रन (10 रन प्रति ओवर)बनने लगे हैं।

सर्वाधिक स्कोर का कीर्तिमान ऑस्ट्रेलिया (221/5) के नाम पर है जो उसने सिडनी में इसी वर्ष इंग्लैंड के खिलाफ बनाया था। ऑस्ट्रेलिया 3 बार तथा वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका 1-1 बार 200 से ज्यादा रन बना चुके हैं।
गेंद और बल्ले के संघर्ष में बल्ले का पलड़ा भारी रहेगा और यह विश्व कप गेंदबाजों के लिए कब्रगाह साबित होगा। केवल चतुर गेंदबाज ही कुछ हद तक बल्लेबाजों के कहर से अपने आपको बचा पाएँगे। चाहे कुछ भी हो इस फटाफट क्रिकेट से परंपरागत टेस्ट क्रिकेट की लोकप्रियता पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। लेकिन इससे वन-डे क्रिकेट पर कुछ असर तो जरूर होगा।

हर ग्रुप की दो शीर्ष टीमों को 1 और 2 क्रम दिया गया है। ग्रुप मैचों के बाद स्थिति कुछ भी रहे, यदि ये टीमें ग्रुप से सुपर-एट में पहुँचेंगी तो अपना स्थान (उदाहरणार्थ ए-1, ए-2) बरकरार रखेंगी। यदि तीसरी टीम सुपर एट में पहुँचेगी तो वह बाहर होने वाली टीम के स्थान पर अगले दौर में खेलेगी।

सुपर-एट दौर में भी 4-4 टीमों को दो समूहों में बाँटा गया है। ग्रुप 'ई' में ए-1, बी-2, सी-1 तथा डी-2 को रखा गया है तो ग्रुप 'एफ' में ए-2, बी-1, सी-2 तथा डी-1 को रखा गया है। प्रत्येक ग्रुप की दो शीर्ष टीमें नॉकआउट सेमीफाइनल में स्थान बनाएँगी।

नियमों पर एक नजर : ( एक दिवसीय मैच) * 50 ओवर प्रति पारी का मैच होने के कारण एक गेंदबाज अधिकतम 10 ओवर डाल सकता है।

* वनडे क्रिकेट में तीन पॉवर प्ले के तहत कुल 20 ओवरों (शुरुआती 10 + ऐच्छिक 5 + 5) तक क्षेत्ररक्षकों को बाध्यता नियम (30 गज के सर्कल के बाहर केवल दो क्षेत्ररक्षक) का पालन करना होता है। इसके अतिरिक्त अन्य ओवरों में भी 5 से ज्यादा क्षेत्ररक्षक सर्कल के बाहर खड़े नहीं किए जा सकेंगे।

* वर्षा, खराब रोशनी या अन्य किसी ऐसे कारण की स्थिति में वनडे क्रिकेट में मैच का परिणाम निकलने के लिए दूसरी पारी के कम से कम 20 ओवर पूरे होने जरूरी है।

* वनडे क्रिकेट में मैच टाई होने के बाद अन्य किसी तरह से परिणाम के लिए प्रयास नहीं किया जाता है।

* वनडे क्रिकेट में गेंदबाज द्वारा फुट फॉल्ट के कारण नोबॉल करने पर विपक्षी टीम को 1 रन मिलता है और गेंद पुनः डाली जाती है।

* वनडे क्रिकेट में क्षेत्ररक्षण करने वाली टीम को साढ़े तीन घंटों में 50 ओवर डालने होते हैं

ट्वेंटी-20 मैच : * 20 ओवर प्रति पारी का मैच होने से एक गेंदबाज अधिकतम 4 ओवर डाल सकता है।

* ट्वेंटी-20 क्रिकेट में शुरुआती 6 ओवरों तक अधिकतम दो क्षेत्ररक्षक 30 गज के सर्कल के बाहर खड़े किए जा सकते हैं। इसके बाद के 14 ओवरों के दौरान भी 5 से ज्यादा क्षेत्ररक्षक सर्कल के बाहर खड़े नहीं किए जा सकेंगे।

* वर्षा, खराब रोशनी या अन्य किसी ऐसे कारण की स्थिति में ट्वेंटी-20 क्रिकेट में मैच का परिणाम निकलने के लिए दूसरी पारी के कम से कम 5 ओवर पूरे होने जरूरी है।

* ट्वेंटी-20 क्रिकेट में मैच टाई होने की स्थिति में भी परिणाम के लिए बॉल आउट का नियम लागू किया जाएगा। इसके तहत दोनों टीमों के 5-5 गेंदबाजों को खाली स्टंप्स पर 2-2 गेंदें डालनी होंगी, जिसकी तरफ से ज्यादा बार स्टंप्स उड़ाए जाएँगे वह टीम विजयी घोषित की जाएगी।

* ट्वेंटी-20 क्रिकेट में गेंदबाज द्वारा फुट फॉल्ट के कारण नोबॉल करने पर विपक्षी टीम को 2 रन मिलेंगे तथा बल्लेबाज के लिए अगली गेंद 'फ्री हिट' होगी, इस पर बल्लेबाज रन आउट के अलावा किसी अन्य नियम के तहत आउट नहीं हो सकेगा।

* ट्वेंटी-20 क्रिकेट में क्षेत्ररक्षण करने वाली टीम को 80 मिनटों में 20 ओवर डालने होंगे, यदि वह टीम निर्धारित समय में ये ओवर नहीं डाल पाती है तो उस समय के बाद जितने ओवर डाले जाएँगे, उसमें प्रति ओवर 6 रन की दर से बल्लेबाजी करने वाली टीम के खाते में जुड़जाएँगे।

सकारात्मक पहलू : ऐसा नहीं है कि ट्वेंटी-20 क्रिकेट से नुकसान ही होंगे। इसकी वजह से कई सकारात्मक परिवर्तन आएँगे। खिलाड़ियों के क्षेत्ररक्षण का स्तर सुधरेगा, क्योंकि अच्छे क्षेत्ररक्षण के जरिए आप केवल रन ही नहीं बचाएँगे वरन अपनी टीम के लिए महत्वपूर्ण समय की बचत भी करेंगे। वन-डे क्रिकेट के नए नियम भी इसी ट्वेंटी-20 विश्व कप से लागू होंगे।

इनके लागू होने से नो बॉल की संख्या कम होगी, क्योंकि ट्वेंटी-20 क्रिकेट में नो बॉल डालने पर जहाँ बल्लेबाजी करने वाली टीम को 2 रन मिलेंगे, वहीं बल्लेबाज को अगली गेंद पर फ्री हिट भी मिलेगी। बल्लेबाजों की विकेटों के बीच की दौड़ में भी सुधार आएगा, क्योंकि यहाँ हर रन बेहद महत्वपूर्ण होगा।

इसमें निश्चित समय में 20 ओवर (80 मिनट) नहीं डालने पर रनों की पेनल्टी होगी, इसलिए खिलाड़ी समय के महत्व को जानेंगे जो वन-डे तथा टेस्ट क्रिकेट में भी काम आएगा।