1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. आलेख

कपिल, गावसकर से बोर्ड को गुरेज क्यों

भारत क्रिकेट कोच
- विशाल मिश्रा
घर की मुर्गी दाल बराबर। ऐसा लगता है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड भी इस कहावत में पूरी तरह विश्वास करता है। वरना क्या कारण है कि भारत में कपिल देव, सुनील गावसकर, संदीप पाटिल आदि के होते हुए उसे विदेशी कोचों की ना-नुकुर सुननी पड़ रही है।

भारतीय क्रिकेट टीम के कोच की कुर्सी फिर खाली पड़ी है। करोड़ों रुपए की भारी-भरकम रकम के बावजूद ग्राहम फोर्ड ने बीसीसीआई की पेशकश ठुकरा ‍दी। इससे पहले डेव व्हाटमोर का नाम भी इस पद के लिए बोर्ड की जुबाँ पर आते-आते क्यों फिसल गया, इसका कारण किसी को पता ही नहीं चल सका।

क्या बोर्ड के सदस्यों को हरफनमौला कपिल देव की सनसनाती गेंदें याद नहीं या वह उनके गगनभेदी छक्कों को नजरअंदाज करना चाहता है। सुनील गावसकर के स्लिप में खेलने वाले क्लासिक शॉट्‍स के चलचित्र क्रिकेट प्रेमियों के मस्तिष्क पटल पर आज भी विद्यमान हैं।

लिटिल मास्टर के नाम से विख्यात गावसकर ने 125 टेस्ट मैचों में 51 के औसत से 10122 रन एकत्र किए।

भारत को 1983-84 में विश्व विजेता का ताज दिलवाने वाले कपिल देव को सदी का विज्डन खिलाड़ी घोषित किया जा चुका है, जबकि इस ताज के लिए उनके साथ मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंडुलकर भी प्रतिस्पर्धा कर रहे थे।

कपिल ने कोच की जिम्मेदारी कुछ समय के लिए सफलतापूर्वक संभाली लेकिन मनोज प्रभाकर द्वारा उन पर लगाए गए आरोपों के चलते कपिल ने स्वेच्छा से यह पद छोड़ दिया था और आखिर में सिद्ध हो गया कि कपिल द्वारा बहाए गए आँसू 100 फीसदी सच थे।

हाल ही में वेस्टइंडीज में संपन्न हुए विश्व कप में टीम इंडिया को मिली करारी हार के लिए जब पूरा देश टीम खिलाडि़यों पर अँगुली उठा रहा था और बीसीसीआई अध्यक्ष शरद पवार इसकी जिम्मेदारी लेने से कतरा रहे थे, त‍ब कपिल देव टीवी कार्यक्रमों में इसकी जिम्मेदारी स्वयं लेते हुए दिखे।

उनका मानना था कि कमी इन लड़कों में नहीं हममें ही है। आखिर हम इन लड़कों को क्यों नहीं कुछ सिखा सके। टेस्ट क्रिकेट में जब कपिल देव ने 400 विकेट पूरे किए तब उनके ‍आगे केवल न्यूजीलैंड के सर रिचर्ड हैडली ही थे। कपिल ने 131 टेस्ट मैचों में 434 विकेट झटके।

संदीप पाटिल जब केन्या की टीम को विश्व कप (2003) के सेमीफाइनल के लिए तैयार कर सकते हैं, तो भारत को क्यों नहीं। यदि भारतीय टीम का कोच पद विदेशियों के लिए 'आरक्षित' कर दिया गया तो वह दिन दूर नहीं जब भारत अपने दुर्भाग्य पर आँसू बहाता दिखे। जब क्रिकेट जगत की यही दिग्गज हस्तियाँ किसी विदेशी टीम को अपनी सेवाएँ दे रही होंगी और वह भारत सहित अन्य देश की टीमों के छक्के छुड़ा रही होगी।