• Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. आलेख
  4. Twenty20 World Cup, West Indies, Chris Gayle

बेचारे अंग्रेज केवल 'छक्कों' से ही हार गए...

बेचारे अंग्रेज केवल 'छक्कों' से ही हार गए... - Twenty20 World Cup, West Indies, Chris Gayle
तूफान कर रहा है
मेरे अज्म (हौसला) का तवाफ (परिक्रमा)
और दुनिया ये समझती है
कि कश्ती भंवर में
 
बेचारे अंग्रेज केवल 'छक्कों' से ही हार गए। क्रिस्टोफर गेल नाम का तूफान कल मुंबई के किनारों से टकराया और अंग्रेज नेस्तनाबूद हो गए। मॉर्गन तो क्या कोई सपने में भी सोच नहीं सकता था कि इस फॉर्मेट में 182 का स्कोर 2 ओवर पहले ही हासिल किया जा सकता है। 
इंग्लैंड ने सोचा कि यह स्कोर निश्चित ही असंभव नहीं तो संभव भी नहीं है लेकिन वो यह भूल गए कि कैरेबियन के पास एक ऐसा कसाई है, जो झटके से हलाल करता है और चिल्लाने भी नहीं देता। शुरुआत में बटके भरे सैम्युअल्स ने की और उसके बाद गेल ने गेंदबाजों का तेल निकाल दिया। 
 
वास्तव में बड़े लक्ष्य के आगे बल्लेबाज तिगनी का नाच नाचने लगते हैं लेकिन शुरुआत में स्ट्राइक न मिलने के बावजूद गेल संयमी थे, शांत थे लेकिन जैसे ही बंदे को स्ट्राइक मिली जोड़ों से छक्के जमाकर उन्होंने गेंदबाजों को रात में सूरज दिखा दिया।
 
एक पेशेवर कातिल के अंदाज में उन्होंने बड़ी सफाई के साथ इंग्लैंड को ही नहीं, बल्कि क्रिकेट बिरादरी को साफ कर दिया कि जब तक गेल हैं, किसी के भी दीये में तेल ही नहीं है। उल्टे हाथ से गेंदबाजों को निपटाने का जो हुनर गेल के पास है, वह किसी भी बंदे के पास नहीं है। भले ही गेल कितने भी विवादास्पद रहे हैं, बोर्ड के साथ कितने भी पंगे चल रहे हो, लेकिन जब अपनी वाली पर आते हैं, फिर गेंदबाजों का भगवान ही मालिक है।
 
कोई माने या न माने, मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में बुधवार की उनकी पारी में कोई क्रूरता नहीं थी। ठंडे दिमाग से सोच-समझकर किया गया अंग्रेजों का कत्ल था, जिसे हम परफेक्ट मर्डर भी कह सकते हैं। गेंदबाजों को आसमान दिखाने का। इससे उम्दा अंदाज दूसरा हो ही नहीं सकता। हम इसे आसमान का सुल्तान पदवी से नवाज सकते हैं। 
 
किसी जमाने में हॉलीवुड में 'ड्रैक्यूला' नाम के फिल्मों की श्रृंखला आई थी, जो जबरदस्त ब्लॉक बस्टर थी और उसका हीरो क्रिस्टोफर रातोरात सितारा बन गया था। टी-20 में भी एक क्रिस्टोफर है, जो गेंदबाजों का खून चूसकर शक्तिशाली हो जाता है। सावधान... अभी तो यह अंगड़ाई है... अभी तो यह अंगड़ाई है... ईस्ट और वेस्ट गेल इज बेस्ट।