1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. कोरोना वायरस
  4. Indore Police ready for Home delivery of FIR

Corona से जंग: पुलिस ने बदला कामकाज का तरीका, लॉकडाउन तोड़ा तो घर पहुंचेगी FIR

Corona Virus
इंदौर। देश में कोरोना वायरस से सबसे अधिक प्रभावित जिलों में से एक इंदौर में पुलिस चुनौतीपूर्ण हालात पर नियंत्रण बरकरार रखने के लिये अपने काम करने का तरीका बदल रही है। इस सिलसिले में कर्फ्यू तोड़ने के बाद घर में छिप जाने वाले लोगों को सबक सिखाने के लिए FIR की होम डिलीवरी की तैयारी की जा रही है।
 
शहर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) पुनीत गहलोत ने कहा, ‘हमें पता चला है कि शहर के कई लोग पुलिस की गश्त के दौरान तो अपने घर में रहते हैं। लेकिन जैसे ही पुलिस की गश्त खत्म होती है, वे कर्फ्यू का उल्लंघन करते हुए बेवजह बाहर घूमने लगते हैं। ड्रोन कैमरों की मदद से ऐसे लोगों की पहचान की जा रही है।
 
सीएसपी ने बताया कि आरोपियों की पहचान के बाद भारतीय दंड विधान की धारा 188 (किसी सरकारी अधिकारी का आदेश नहीं मानना) और धारा 269 (ऐसा लापरवाही भरा काम करना जिससे किसी जानलेवा बीमारी का संक्रमण फैलने का खतरा हो) के तहत प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
 
उन्होंने बताया, ‘प्राथमिकी की प्रति इन आरोपियों के घर पहुंचा दी जायेगी। इसके बाद कानून के तहत उचित कदम उठाए जाएंगे।‘
 
हाल के कुछ खराब तजुर्बों के बाद पुलिस अलग-अलग मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी में भी निजी सुरक्षा उपकरणों (पीपीई) का इस्तेमाल करते हुए सावधानी बरत रही है।
 
सीएसपी ने बताया, ‘हमने हाल ही में कुछ लोगों को गिरफ्तार किया था। बाद में जांच में वे कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए। नतीजतन हमें एक पुलिस थाने के लगभग पूरे स्टाफ को पृथक केंद्र में भेजना पड़ा। (भाषा)
अगला लेख
क्या अमेरिकी CEO ने इस मैप के जरिए COVID-19 के खिलाफ जंग में मोदी सरकार की तारीफ की...जानिए सच...