1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. कोरोना वायरस
  4. गुजरात सरकार का निर्णय, 800 रुपए में होगी RT-PCR जांच

गुजरात सरकार का निर्णय, 800 रुपए में होगी RT-PCR जांच

Coronavirus
अहमदाबाद। गुजरात सरकार ने निजी प्रयोगशालाओं में कोविड-19 संबंधी आरटी-पीसीआर जांच की कीमत मंगलवार को 1,500 रुपए से घटाकर 800 रुपए कर दी। उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल ने यहां बताया कि क्योंकि जांच किट की कीमत कम हो गई है, इसलिए राज्य सरकार ने लोगों को यह लाभ उपलब्ध कराने का निर्णय किया।
 
पटेल ने कहा कि राज्य सरकार से अधिकृत निजी प्रयोगशालाएं मंगलवार से आरटी-पीसीआर जांच के लिए 800 रुपए वसूल करेंगी, जो मौजूदा कीमत से 700 रुपए कम है। उन्होंने कहा कि बड़े पैमाने पर उत्पादन के बाद जांच किट की कीमत में कमी आई है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यदि नमूना लेने के लिए प्रयोगशाला सहायक को घर पर बुलाया जाता है तो आरटी-पीसीआर जांच के लिए 1,100 रुपए लिए जाएंगे। वर्तमान में घर से नमूना लेने के लिए प्रयोगशालाएं 2,000 रुपए वसूल करती हैं। 
 
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के निर्देशन में सरकार के कोर ग्रुप ने जांच की कीमत कम करने का फैसला किया। दिल्ली में आम आदमी पार्टी सरकार और राजस्थान में कांग्रेस सरकार ने भी हाल में आरटी-पीसीआर जांच की कीमत घटाने का निर्णय किया था। (भाषा)
अगला लेख
Live Updates : बातचीत जारी, किसानों के प्रदर्शन में शामिल होने पहुंची शाहीन बाग की दादी हिरासत में