1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. कोरोना वायरस
  4. 122 people die from corona in 1 day in Maharashtra

महाराष्ट्र में 1 दिन में Corona से 122 लोगों की मौत, संक्रमितों की संख्या 75 हजार के करीब

Corona virus
मुंबई। महाराष्ट्र में बुधवार को कोरोना वायरस से 122 लोगों की मौत हो गई जो एक दिन में अभी तक सर्वाधिक मौत है। इसके साथ ही इस महामारी से राज्य में मरने वालों की संख्या बढ़कर 2587 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि 2560 नए मामलों के साथ राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 74,860 हो गई है।
 
स्वास्थ्य विभाग ने बयान जारी करके कहा कि दिन में राज्य के अस्पतालों से 996 रोगियों को ठीक होने के बाद छुट्टी मिली, जिससे ठीक होने वाले रोगियों की संख्या 32,329 हो गई है।
 
विभाग ने कहा कि राज्य में अब ऐसे मरीजों की संख्या 39,935 है, जिनका अभी उपचार चल रहा है। राज्य में कुल 4 लाख 97 हजार 276 नमूनों की जांच की गई है।
 
वहीं बृहन्मुम्बई महानगरपालिका (बीएमसी) ने कहा कि मुंबई में बुधवार को कोविड-19 के 1,276 नए मामले सामने आए, जिससे मुंबई में कुल मामले बढ़कर 43,262 हो गए। वहीं 49 और मौतें होने से मृतक संख्या बढ़कर 1,417 हो गई।
 
बीएमसी ने कहा कि मुंबई में पिछले 24 घंटे में कुल 259 मरीजों को ठीक होने के बाद विभिन्न अस्पतालों से छुट्टी दी गई, जिससे यहां ठीक होने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 17,472 हो गई। मुंबई में ऐसे मरीजों की संख्या 24,373 है जिनका अभी इलाज चल रहा है। (भाषा) 
अगला लेख
लद्दाख सीमा पर चीनी सेना 2 किमी और भारतीय सेना 1 किमी पीछे हटी