1. खबर-संसार
  2. »
  3. चुनाव
  4. »
  5. छत्तीसगढ़

हम हैं सीटों के शहँशाह

चुनाव 2008
रायपुर। प्रदेश में एक दर्जन से ज्यादा विधानसभा सीटें ऐसी हैं, जिन पर कुछ नेताओं, परिवारों और जातियों का ही कब्जा रहा। जनादेश ने इन्हें अपनी-अपनी सीटों का शहंशाह बनाया हुआ है।

साजा का पर्याय चौबे परिवार : दुर्ग जिले की साजा सीट 1977 में वीरेन्द्रनगर के विभाजन से बनी है। उस वक्त वीरेन्द्रनगर के विधायक देवीप्रसाद चौबे (अब दिवंगत) थे। नई सीट पर भी उनके परिवार की जीत का सिलसिला कायम रहा, जो आज तक थमा नहीं है। चौबे के बाद उनके बेटे प्रदीप चौबे 1977 में और पत्नी कुमारीदेवी चौबे 1980 में विधायक बनीं। दूसरे बेटे रविन्द्र चौबे को 1985 में मौका मिला। वे लगातार पाँच बार से विधायक चुने जा रहे हैं। अब छठवीं बार चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं। साजा से चौबे परिवार के खिलाफ अब तक कोई भी नेता बड़ी चुनौती पेश नहीं कर पाया है। चुनाव मैदान में साजा और चौबे परिवार एक-दूसरे के पर्याय बन गए हैं।

महल के महारथी : इसी तरह खैरागढ़ पर 1980 में 'महल' ने कब्जा किया। रश्मिदेवी सिंह 93 तक लगातार विधायक चुनी गईं। उनके निधन के बाद बेटे देवव्रत सिंह ने कमान संभाली। वे भी लगातार 2003 तक जीत हासिल करते गए। उपचुनाव में राजनांदगाँव संसदीय सीट जीतने के बाद उन्होंने खैरागढ़ से इस्तीफा दे दिया। उपचुनाव में उनकी जगह पत्नी पद्मादेवी सिंह कांग्रेस प्रत्याशी बनी और परिवार का कब्जा कायम नहीं रख सकी। इसके उलट कोरिया सीट अब तक 'महल' के कब्जे से बाहर नहीं आ सकी है।

पूर्व रजवाड़े के डॉ. रामचंद्र सिंहदेव अब तक छह बार सीट से चुनाव जीत चुके हैं। कांग्रेस ने सातवीं बार भी उन्हें अपना प्रत्याशी बनाया है। कवर्धा सीट भी अमूमन महल की मानी जाती है। यहाँ से भाजपा के डॉ. रमन सिंह ने दो बार और कांग्रेस के हमीदुल्लाह खान ने एक बार महल का वर्चस्व तोड़ा। इसके बावजूद महल ने अपना कब्जा फिर कायम कर लिया है। रायगढ़ जिले में आदिवासियों के लिए आरक्षित पत्थलगाँव सीट कांग्रेस के रामपुकार सिंह के कब्जे में रही है। 1990 की हार को छोड़ दें तो सिंह यहाँ से छह बार चुनाव जीत चुके हैं।

कायम है जातियों का कब्जा : प्रदेश में कुछ सीटें ऐसी हैं, जिन पर जाति विशेष का प्रत्याशी ही विजयी होता आया है। मसलन, तपकरा से नंदकुमार साय से शुरू हुआ सिलसिला जारी है। यहाँ से विजयी होने वाला हर प्रत्याशी साय ही होता है। धर्मजयगढ़ से राठिया ही विजयी होता आया है। चाहे वह कांग्रेस के चनेशराम हों या भाजपा के ओमप्रकाश। रायगढ़ पर अग्रवालों की और खरसिया पर अघरिया समाज के पटेलों की पकड़ मजबूत रही है। रायगढ़ से कांग्रेस के रामकुमार, कृष्णकुमार व भाजपा के विजय अग्रवाल विजयी रहे हैं।

खरसिया से लक्ष्मी पटेल के बाद नंदकुमार पटेल ने कब्जा कायम रखा है। रामपुर पर प्यारेलाल के बाद ननकीराम कँवर का कब्जा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष धनेन्द्र साहू की सीट अभनपुर से आज तक कोई भी गैर-साहू विजयी नहीं हो पाया। आदिवासी सीट भानपुरी भी कश्यप के पास रही है। भाजपा के सांसद बलीराम कश्यप 1977 से 1990 तक यहाँ से विधायक रहे। इसके बाद अंतुराम कश्यप और अब केदार कश्यप विधायक हैं। (नईदुनिया)