बायोफिजिक्स में संभावनाएँ
मार्गदर्शन बायोफिजिक्स में करियर के क्या अवसर हैं? बायोफिजिक्स में स्नातक कोर्स कहाँ से किया जा सकता है? -
प्रभात सिन्हा, आलोट (रतलाम)बायोफिजिक्स मूल रूप से चिकित्सा विज्ञान से संबंधित क्षेत्र है जिसमें आनुवांशिकी, इकोलॉजी इफेक्ट्स, बायो-केमेस्ट्री, फिजियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, सिस्टेमेटिक्स, फार्मास्युटिकल्स, कृषि आदि में रोजगार के चमकीले अवसर हैं। इस क्षेत्र में उच्च अध्ययन के उपरांत अध्ययन में भी करियर बनाया जा सकता है। अनेक शिक्षण संस्थान स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर पर बायोफिजिक्स से जुड़े पाठ्यक्रम संचालित कर रहे हैं। स्नातक स्तर पर प्रवेश हेतु 12वीं परीक्षा भौतिकी, रसायन तथा जीव विज्ञान विषयों से उत्तीर्ण होना चाहिए। बायोफिजिक्स के कोर्स संचालित करने वाले प्रमुख संस्थान हैं- अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, नई दिल्ली/ मद्रास विश्वविद्यालय, चेन्नाई/ बाबा साहेब आम्बेडकर मराठवाड़ा विश्वविद्यालय, औरंगाबाद। विज्ञान पत्रकारिता का रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम मध्यप्रदेश में कहाँ उपलब्ध है? -
सुजीत वर्मा, नलखेड़ा (शाजापुर)। स्कूल ऑफ फ्यूचर स्टडीज, देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर में विज्ञान पत्रकारिता का रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम उपलब्ध है। पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन पर्सोनेल मैनेजमेंट का पत्राचार पाठ्यक्रम मध्यप्रदेश के किस विश्वविद्यालय से किया जा सकता है? -
सौरभ दुबे, सिलवानी (रायसेन)। स्नातक के उपरांत पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन पर्सोनेल मैनेजमेंट का पत्राचार पाठ्यक्रम डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर से किया जा सकता है।मैं डेयरी टेक्नोलॉजी में करियर बनाना चाहता हूँ। कृपया जानकारी प्रदान करें। -
रमन कुमार त्रिवेदी, पाटन (दुर्ग)। डेयरी टेक्नोलॉजी में उज्ज्वल संभावनाएँ हैं। 12वीं की परीक्षा गणित, जीव विज्ञान, रसायन विज्ञान अथवा कृषि विज्ञान समूह से उत्तीर्ण करने के उपरांत डेयरी टेक्नोलॉजी पाठ्यक्रम में प्रवेश ले सकते हैं। डेयरी टेक्नोलॉजी पाठ्यक्रम इन संस्थानों में उपलब्ध हैं : नेशनल डेयरी इंस्टीट्यूट, करनाल, हरियाणा/ एमसी कॉलेज ऑफ डेयरी साइंस, आणंद, गुजरात/ जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय, जबलपुर, मध्यप्रदेश।पुरातत्व धरोहर के संरक्षण का मैनेजमेंट पाठ्यक्रम कहाँ से किया जा सकता है? -
अजय तोमर, रायपुर। पुरातत्व धरोहर के संरक्षण का मैनेजमेंट पाठ्यक्रम दिल्ली स्कूल ऑफ हैरिटेज मैनेजमेंट एंड रिसर्च, नई दिल्ली/ गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय, हरिद्वार में उपलब्ध है।मैंने गणित विषय समूह से बीएससी की है। मैं गणित में विशेष कोर्स करना चाहता हूँ। कृपया गणित से संबंधित कोर्स कराने वाले प्रमुख संस्थानों की जानकारी दें। -
अनिल कुमार चौरसिया, इंदौर। आप इन संस्थानों से गणित में विशेष पाठ्यक्रम कर सकते हैं : रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय, जबलपुर से एमएससी इन मैथेमेटिक्स इकोनॉमिक्स कोर्स किया जा सकता है। इसके अलावा टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ फंडामेंटल रिसर्च होमी भाभा रोड, मुंबई/ मेहता रिसर्च इंस्टीट्यूट ऑफ मैथेमेटिक्स एंड मैथेमेटिकल फिजिक्स, 10, कस्तूरबा गाँधी मार्ग, इलाहाबाद से भी गणित के विशेष कोर्स किए जा सकते हैं।आयुर्वेद कंपाउंडर का कोर्स करने के बाद करियर के क्या अवसर हैं? -
प्रेमलता यादव, पानसेमल (बड़वानी)। मान्यता प्राप्त संस्थान से आयुर्वेद कंपाउंडर का एक वर्षीय कोर्स करने के उपरांत आयुर्वेद चिकित्सालयों एवं गाँवों में कंपाउंडर की तरह कार्य किया जा सकता है।इंडियन फॉरेन सर्विस में चयन किस प्रकार होता है? -
पीयूष कुलश्रेष्ठ, धारइंडियन फॉरेन सर्विस में चयन संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सिविल सेवा परीक्षा के माध्यम से होता है।कृषि अनुसंधान सेवा परीक्षा में सम्मिलित होने हेतु शैक्षणिक योग्यता क्या निर्धारित है? -
रमाकांत गौड़, जबलपुर। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली द्वारा आयोजित कृषि अनुसंधान सेवा परीक्षा में बैठने के लिए उम्मीदवार के पास कृषि विज्ञान में स्नातकोत्तर उपाधि अथवा कृषि से जुड़े अन्य विषयों कृषि अर्थशास्त्र, डेयरी, मत्स्यिकी, वानिकी, कृषि इंजीनियरी, फार्म मशीनरी, पशु चिकित्सा विज्ञान, कृषि रसायन, मृदा या जल संरक्षण में स्नातकोत्तर डिग्री होनी चाहिए। सिविल सेवा परीक्षा में बैठने हेतु स्नातक परीक्षा में कितने प्रतिशत अंक आवश्यक हैं? -
रमेश पाठक, भिंड। किसी भी श्रेणी में स्नातक परीक्षा उत्तीर्ण विद्यार्थी सिविल सेवा परीक्षा में बैठ सकते हैं।ऑक्यूपेशनल थैरेपी का कोर्स कौन कर सकता है? -
सूरज बेग, सीहोर। ऑक्यूपेशनल थैरेपी का कोर्स बायोलॉजी समूह से 12वीं उत्तीर्ण छात्र कर सकते हैं।मैं ब्यूटीशियन प्रशिक्षण प्राप्त करना चाहती हूँ। कृपया मध्यप्रदेश में इससे संबंधित किसी शासकीय प्रशिक्षण संस्थान की जानकारी दें। -
प्रीति माखीजा, महू। केंद्रीय श्रम मंत्रालय के अंतर्गत रोजगार और प्रशिक्षण महानिदेशालय के प्रदेश के एकमात्र क्षेत्रीय महिला व्यावसायिक प्रशिक्षण संस्थान नंदानगर, इंदौर में महिलाओं हेतु त्वचा, केश, ड्रेस मैकिंग से संबंधित रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण दिया जाता है।