'जोर से बोलो, आवाज नहीं आ रही', पैपराजी ने मांगी सलमान खान से माफी, विवाद का हैप्पी एंड
बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान अपनी दरियादिली के साथ-साथ अपने कड़क मिजाज के लिए भी जाने जाते हैं। हाल ही में मुंबई के हिंदुजा अस्पताल के बाहर एक ऐसी घटना घटी, जिसने सेलिब्रिटी प्राइवेसी और पैपराजी के काम करने के तौर-तरीकों पर एक नई बहस छेड़ दी।
दरअसल, सलमान खान अपने किसी करीबी से मिलने हिंदुजा अस्पताल पहुंचे थे, इस दौरान पैपराजी ने उन्हें घेर लिया। इसके बाद सलमान पैपराजी पर बुरी तरह भड़क उठे थे। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करके भी पैपराजी को फटकार लगाई थी।
हालांकि अब इस पूरे हाई-वोल्टेज ड्रामे का अंत बेहद सकारात्मक रहा, जहां गलती का एहसास होने पर मीडियाकर्मियों ने माफी मांगी और सलमान ने भी मुस्कुराकर उन्हें माफ कर दिया। इस विवाद के ठीक अगले दिन यानी बुधवार को सलमान खान मुंबई में रितेश देशमुख की मराठी फिल्म 'राजा शिवाजी' के सक्सेस बैश में शामिल होने पहुंचे, जहां उन्होंने एक कैमियो रोल किया है।
जैसे ही सलमान अपनी सुरक्षा टीम के साथ रितेश देशमुख के बगल में पोज देने के लिए आगे बढ़े, वहां मौजूद सभी फोटोग्राफर्स ने एक सुर में चिल्लाकर कहा— "सॉरी भाईजान, सॉरी!" शुरुआत में हलचल देखकर सलमान थोड़े ठिठके, लेकिन जब उन्हें समझ आया कि पैपराजी अपनी पिछली रात की गलती के लिए माफी मांग रहे हैं, तो उनका दिल पिघल गया। उन्होंने सुरक्षाकर्मियों को पीछे हटने का इशारा किया और पैपराजी की माफी स्वीकार कर ली।
मजाकिया अंदाज में खत्म हुआ तनाव
माहौल को हल्का करते हुए सलमान खान ने अपने चिर-परिचित मजाकिया अंदाज में कहा, "ज़ोर से बोलो, आवाज़ नहीं आ रही तुम सबकी!" सलमान की यह बात सुनते ही वहां मौजूद रितेश देशमुख और सभी फोटोग्राफर्स हंस पड़े।
सलमान ने उनसे यह भी पूछा कि उन्होंने वह वीडियो क्यों नहीं शेयर किया जिसमें वे कल रात चप्पलें हाथ में लेकर भाग रहे थे? इसके बाद पैपराजी ने फिर से अपनी गलती मानी और कहा, "आज कोई नहीं चिल्लाएगा भाई, लव यू भाई।" जवाब में सलमान ने मुस्कुराते हुए कहा, "हां, यह जगह चिल्लाने के लिए सही है, अस्पताल नहीं।"
सलमान खान ने वहां मौजूद लोगों को यह भी बताया कि वह कल रात काफी भावुक थे क्योंकि उनके किसी करीबी की पत्नी बहुत बीमार थीं। इस तरह, महज 24 घंटे के भीतर सलमान खान और पैपराजी के बीच का यह बड़ा विवाद सुलझ गया। सलमान के इस कदम की सोशल मीडिया पर फैंस जमकर तारीफ कर रहे हैं।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन....
और पढ़ें