salman khan gets death threat again with demandof two crore
बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान को बीते काफी समय से लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जान से मारने की धमकियां मिल रही है। हाल ही में मुंबई ट्रैफिक पुलिस को फोन करके सलमान खान को धमकी देते हुए पांच करोड़ रुपए की फिरौती की मांग की गई थी। इसके बाद पुलिस ने एक शख्स को गिरफ्तार किया था।
अब एक बार फिर सलमान खान को जान से मारने की धमकी मिली है। सलमान खान से कथित तौर पर दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है और न देने पर उन्हें मार डालने की धमकी दी गई है। इसके बाद मुंबई पुलिस ने एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि मुंबई यातायात पुलिस को मंगलवार को एक गुमनाम संदेश मिला, जिसमें धमकी दी गई है कि अगर अभिनेता ने दो करोड़ रुपये नहीं दिए तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा।
खबरों के अनुसार इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस नोएडा से एक शख्स को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी को नोएडा क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया। शख्स का नमा गुरफान खान बताया जा रहा है।
बता दें कि इस महीने के प्रारंभ में भी मुंबई यातायात पुलिस के व्हॉट्सऐप हेल्पलाइन डेस्क को एक धमकी भरा संदेश मिला था जिसमें अभिनेता से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। पुलिस ने इस सिलसिले में जमशेदपुर से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था।
गौरतबल है कि सलमान खान को पहले लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जान से मारने की धमकियां मिली थीं। गिरोह के संदिग्ध सदस्यों ने इस साल अप्रैल में अभिनेता के बांद्रा स्थित घर के बाहर गोलीबारी की थी। कुछ माह पहले, नवी मुंबई पुलिस ने बिश्नोई गिरोह द्वारा खान को मारने की साजिश का पर्दाफाश किया था, जिसके बाद अभिनेता की सुरक्षा बढ़ा दी गई।

