1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. love and war set accident technician death fwice demands compensation

'लव एंड वॉर' के सेट पर दर्दनाक हादसा, करंट लगने से तकनीशियन की मौत, FWICE ने 50 लाख मुआवजे की उठाई मांग

Love and War accident
बॉलीवुड के दिग्गज निर्देशक संजय लीला भंसाली इन दिनों अपनी फिल्म 'लव एंड वॉर' की शूटिंग में बिजी चल रहे हैं। रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल जैसे बड़े सितारों से सजी इस फिल्म को लेकर दर्शकों में भारी उत्साह है। लेकिन इसी बीच फिल्म के शूटिंग सेट पर एक दुखद हादसा हो गया है। 
 
मुंबई के गोरेगांव स्थित फिल्म सिटी में 'लव एंड वॉर' के सेट पर हुए एक दर्दनाक हादसे में एक तकनीशियन की जान चली गई है, जिसने पूरी फिल्म इंडस्ट्री को झकझोर कर रख दिया है। इस घटना के बाद बॉलीवुड में बैकस्टेज काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा और वर्किंग कंडीशन पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
शॉर्ट सर्किट बना मौत का कारण
यह दुखद घटना 17 जून के तड़के रॉयल पंप स्टूडियो में घटित हुई। मृतक की पहचान 42 वर्षीय कारपेंटर चंद्रधारी सिंह यादव के रूप में हुई है, जो 'फिल्म स्टूडियो सेटिंग एंड अलाइड मजदूर यूनियन' के सक्रिय सदस्य थे। जब यह हादसा हुआ, तब सेट के निर्माण कार्य के दौरान अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। 
 
चंद्रधारी को बिजली का इतना भीषण झटका लगा कि उनका शरीर बुरी तरह झुलस गया। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि जिस समय यह हादसा हुआ, उस वक्त फिल्म की मुख्य अभिनेत्री आलिया भट्ट भी सेट पर शूटिंग के लिए मौजूद थीं। 
भंसाली प्रोडक्शंस ने की सहायता
हादसे की गंभीरता को देखते हुए भंसाली प्रोडक्शंस ने तुरंत संवेदनशीलता दिखाते हुए पीड़ित परिवार के लिए 40 लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि देने की घोषणा की है। हालांकि, फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) इस मुआवजे से पूरी तरह संतुष्ट नहीं है।
 
FWICE के अध्यक्ष बी.एन. तिवारी ने मेकर्स से अपील की है कि वे मुआवजे की इस राशि को बढ़ाकर कम से कम 50 लाख रुपए करें। बी.एन. तिवारी ने मीडिया से बात करते हुए कहा, चंद्रधारी के बच्चे अभी बहुत छोटे हैं और उनके भविष्य तथा शिक्षा के लिए परिवार को बड़े सहारे की जरूरत है। 40 लाख की जगह 50 लाख रुपए का मुआवजा मिलना चाहिए। इसके साथ ही हमने भंसाली प्रोडक्शंस से अनुरोध किया है कि वे मृतक की पत्नी को प्रोडक्शन हाउस में एक स्थायी नौकरी दें, ताकि परिवार के पास आय का एक सुरक्षित और नियमित जरिया बना रहे।
 
FWICE के जनरल सेक्रेटरी अशोक दुबे ने खुलासा किया कि चंद्रधारी पिछले तीन दिनों से लगातार सुबह 7 बजे से लेकर अगले दिन के तड़के 3 बजे तक (लगभग 20 घंटे) ड्यूटी पर थे। इतने भारी वर्कलोड के कारण शारीरिक और मानसिक थकान होना स्वाभाविक है। फेडरेशन का मानना है कि इस तरह की अत्यधिक थकावट ही सेट्स पर हादसों को निमंत्रण देती है।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
61 साल की उम्र में आमिर खान रचायेंगे तीसरी शादी, गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट करेंगे रजिस्टर्ड मैरिज, जानें पूरी डिटेल्स