1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. diljit dosanjh live concert security breach khalistan supporter storms

दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में हंगामा, खालिस्तानी झंडा लेकर स्टेज पर चढ़ा शख्स

Diljit Dosanjh concert controversy
फेमस पंजाबी सिंगर-एक्टर दिलजीत दोसांझ का ग्लोबल 'ऑरा वर्ल्ड टूर 2026' इन दिनों पूरी दुनिया में धूम मचा रहा है। लेकिन हाल ही में अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में उनके लाइव कॉन्सर्ट के दौरान एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया। सैन फ्रांसिस्को के प्रसिद्ध 'चेस सेंटर' में आयोजित इस शो के दौरान भारी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद एक खालिस्तान-समर्थक प्रदर्शनकारी सुरक्षा घेरा तोड़कर सीधे स्टेज पर चढ़ गया।
 
सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि दिलजीत दोसांझ स्टेज पर पूरे जोश के साथ परफॉर्म कर रहे थे और फैंस झूम रहे थे। इसी बीच एक युवक हाथ में खालिस्तानी झंडा लहराते हुए अचानक स्टेज पर आ गया और दिलजीत के करीब जाकर नाचने लगा। 
 
जैसे ही दिलजीत की नजर उस शख्स और उसके हाथ में मौजूद झंडे पर पड़ी, उन्होंने तुरंत गाना और डांस रोक दिया। दिलजीत बिना कोई प्रतिक्रिया दिए शांति से पीछे हट गए। इसके तुरंत बाद एक्टिव हुए सुरक्षाकर्मियों ने उस शख्स को दबोच लिया और स्टेज से नीचे उतारा। स्थानीय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को वेन्यू से बाहर निकाला और गिरफ्तार कर लिया।
यह पहली बार नहीं है जब दिलजीत के अंतरराष्ट्रीय दौरों को इस तरह के राजनीतिक विवादों का सामना करना पड़ा है। इससे पहले अप्रैल 2026 में कनाडा के कैलगरी और वैंकूवर में भी उनके 'ऑरा टूर' के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने खालिस्तानी नारे लगाए थे और झंडे लहराकर माहौल खराब करने की कोशिश की थी।
 
कनाडा के कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत ने मंच से ही कड़ा रुख अपनाते हुए कहा था, यदि आप प्रशंसकों को परेशान करने या शो में बाधा डालने की कोशिश करेंगे, तो उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बाद में उन्होंने एक इंटरव्यू में भावुक होते हुए कहा था कि वह दोनों तरफ से निशाना बन रहे हैं। भारत में कुछ लोग उन्हें 'खालिस्तानी' कह देते हैं, जबकि विदेशों में बैठे कुछ कट्टरपंथी समूह उन्हें 'इंडिया वाला' कहकर उनका बहिष्कार करने की धमकी देते हैं। 
 
इवेंट में हुई घटना पर दिलजीत ने कहा, बाहर खड़े होकर विरोध प्रदर्शन कोई भी कर सकता है। लेकिन अगर आप अंदर आकर मेरे फैंस को परेशान करेंगे, तो वो मंजूर नहीं होगा। कोई झंडा या बैनर लाता है, तो इसका मतलब होता है कि वो यह दिखाना चाहता है कि वो कहां से आया है और मुझे सपोर्ट करता है। लेकिन अगर आपकी नीयत सिर्फ हंगामा करने की है, तो सुरक्षाकर्मियों को निर्देश हैं कि आपको बाहर फेंक दिया जाए। इसे कोई और रूप न दें।
केबीसी से जुड़ा है विवाद का कनेक्शन
दिलजीत दोसांझ के खिलाफ इन प्रदर्शनों और धमकियों के पीछे की मुख्य वजह अक्टूबर 2025 का एक वाकया है। दिलजीत मशहूर शो 'कौन बनेगा करोड़पति 17' में मेहमान बनकर पहुंचे थे। शो के दौरान उन्होंने होस्ट अमिताभ बच्चन के पैर छुए थे, जिसके बाद बिग बी ने उन्हें 'पंजाब दा पुत्तर' कहकर सम्मानित किया था और पंजाब में बाढ़ राहत के लिए उनके द्वारा किए गए सामाजिक कार्यों की सराहना की थी।
 
इस एपिसोड के प्रसारित होने के बाद प्रतिबंधित संगठन 'सिख्स फॉर जस्टिस' और उसके नेता गुरपतवंत सिंह पन्नू ने दिलजीत को सीधे तौर पर धमकियां देना शुरू कर दिया। SFJ का आरोप था कि अमिताभ बच्चन के पैर छूकर दिलजीत ने 1984 के दंगों के पीड़ितों का अपमान किया है। इसके बाद से ही इस संगठन ने दिलजीत के अंतरराष्ट्रीय शोज को बाधित करने की चेतावनी जारी की थी। 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
'वेलकम टू द जंगल' के साथ लौटेगा फैमिली एंटरटेनमेंट का दौर, जानिए क्यों खास है फिल्म?