सम्बंधित जानकारी
- थिएटर्स में देखने मिलेगा जबरदस्त क्रेज, 10 दिनों के भीतर रिलीज होंगी साल की दो बड़ी फिल्में 'टॉक्सिक' और 'मिर्जापुर: द मूवी'
- 'बंटवारा 1947' की रिलीज से पहले करण देओल ने पापा सनी देओल पर लुटाया प्यार, फादर्स डे पर लिखा दिल छू लेने वाला नोट
- प्रभास की छोटी सी झलक ने 'कल्कि 2' और 'स्पिरिट' को लेकर फैंस के बीच छेड़ी चर्चा!
- ट्विंकल खन्ना को पिता राजेश खन्ना ने क्यों दी थी एक साथ 4 बॉयफ्रेंड बनाने की सलाह?
- फादर्स डे पर पश्मीना रोशन का इमोशनल पोस्ट, पिता राजेश रोशन के साथ शेयर किया बचपन का वीडियो
पंकज त्रिपाठी के बड़े भाई पर पैतृक गांव में जानलेवा हमला, हालत नाजुक
बॉलीवुड एक्टर पंकज त्रिपाठी के बड़े भाई बिजेंद्र नाथ पर उनके पैतृक गांव बिहार के गोपालगंज में जानलेवा हमला हुआ है। यह सनसनीखेज वारदात जिले के बरौली प्रखंड अंतर्गत माधोपुर थाना क्षेत्र के बेलसंड गांव में अंजाम दी गई। हमलावरों ने इस वारदात को उस समय अंजाम दिया जब वह अपने घर के पास थे।
पुरानी अदावत और जमीनी रंजिश के चलते अपराधियों ने बिजेंद्र नाथ पर धारदार हथियार और लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इस हमले के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
पड़ोसी से विवाद और घात लगाकर हमला
खबरों के अनुसार बिजेंद्र नाथ तिवारी अपने पैतृक गांव बेलसंड में मौजूद थे। तभी जमीन के किसी पुराने मामले को लेकर उनके पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों से उनका विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि घात लगाकर बैठे हमलावरों ने अचानक उन पर धारदार हथियारों से धावा बोल दिया।
चीख-पुकार सुनकर जब तक परिवार के लोग और स्थानीय ग्रामीण मौके पर जुटते, तब तक हमलावर उन्हें लहूलुहान कर मौके से फरार हो चुके थे। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल बिजेंद्र नाथ तिवारी को अत्यंत नाजुक हालत में गोपालगंज के मॉडल सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद शरीर पर गहरे जख्मों, अत्यधिक खून बह जाने और गंभीर चोटों को देखते हुए उन्हें तत्काल पटना (AIIMS/PMCH) के लिए रेफर कर दिया। फिलहाल बिजेंद्र नाथ की स्थिति गंभीर बनी हुई है और डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं।
मामला सीधे तौर पर हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता पंकज त्रिपाठी के परिवार से जुड़ा हुआ था, इसलिए हमले की खबर आग की तरह फैली और पुलिस महकमे में खलबली मच गई। जिला पुलिस कप्तान ने मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत सख्त कदम उठाए हैं। त्वरित न्याय सुनिश्चित करने और आरोपियों को दबोचने के लिए एक विशेष जांच दल का गठन किया गया है।
पंकज त्रिपाठी के बड़े भाई पर हुए इस मले के बाद बेलसंड गांव और आसपास के क्षेत्रों में भारी तनाव का माहौल बना हुआ है। सुरक्षा के लिहाज से गांव में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
