1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. shafaq naaz reveal marriage share romantic photos with husband zeeshan

'महाभारत' की 'कुंती' शफक नाज ने रचाई थी गुपचुप शादी, डेढ़ साल बाद किया ऑफिशियल ऐलान, जानिए कौन हैं जीशान?

Shafaq Naaz marriage
स्टार प्लस के पौराणिक सीरियल 'महाभारत' में कुंती का किरदार निभाकर घर-घर पहचान बनाने वाली एक्ट्रेस शफक नाज ने अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर बड़ा खुलासा किया है। शफक ने आधिकारिक तौर पर अपनी शादी की घोषणा कर दी है। उन्होंने डेढ़ साल पहले ही गुपचुप तरीके से शादी रचा ली थी और अब पहली बार अपने पति का चेहरा दुनिया के सामने पेश किया है।
 
शफक नाज ने इंस्टाग्राम हैंडल पर अपने पति जीशान के साथ कई खूबसूरत और रोमांटिक तस्वीरें साझा की हैं। इन तस्वीरों में यह कपल ओमान के मस्कट में समुद्र किनारे क्वालिटी टाइम बिताता नजर आ रहा है। कुछ तस्वीरों में कपल रोमांटिक होता भी नजर आ रहा है। दोनों एक दुसरे संग काफी खुश दिख रहे हैं।
 
लुक की बात करें तो शफक नाज लाल रंग के वाइब्रेंट टॉप और सफेद ट्राउजर में बेहद खूबसूरत लग रही हैं, वहीं उनके पति जीशान ने नेवी-ब्लू शर्ट और डेनिम जींस कैरी की है। एक-दूसरे का हाथ थामे और गले लगते हुए इस जोड़े की केमिस्ट्री देखते ही बन रही है। 

 
इन तस्वीरों को साझा करते हुए शफक नाज ने एक बेहद इमोशनल और प्यारा कैप्शन लिखा। उन्होंने इस बात की पुष्टि की कि उनकी शादी 31 अक्टूबर, 2024 को हुई थी। शफक ने लिखा, "मैंने 31-10-2024 को अपने सबसे पसंदीदा इंसान से शादी की थी। पिछले डेढ़ साल से मैं अपनी जिंदगी के सबसे खुशनुमा और शांत दौर को चुपचाप एंजॉय कर रही हूं। मिलिए मेरे पति 'जीशान' से।"
 
एक्ट्रेस की इस अचानक आई पोस्ट ने उनके फैंस के साथ-साथ पूरी टीवी इंडस्ट्री के साथियों को हैरान कर दिया है। कमेंट सेक्शन में भारती सिंह, देवोलीना भट्टाचार्जी से लेकर कई सेलिब्रिटीज और फैंस उन्हें नए जीवन की ढेरों बधाइयां दे रहे हैं।
 
कौन हैं शफक नाज के पति जीशान?
शफक नाज के पति जीशान एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से ताल्लुक नहीं रखते हैं। वह मस्कट (ओमान) के एक बड़े और प्रतिष्ठित बिजनेसमैन हैं। हालांकि, शफक ने पिछले साल नवंबर में भी जीशान के साथ कुछ धुंधली तस्वीरें पोस्ट की थीं, लेकिन तब उन्होंने न तो उनका चेहरा दिखाया था और न ही उनकी पहचान उजागर की थी। 
 
शफक नाज भारतीय टेलीविजन का एक लोकप्रिय चेहरा हैं। साल 2013 में आए सीरियल 'महाभारत' में कुंती के उनके रोल को आज भी सराहा जाता है। इसके अलावा उन्होंने कॉमेडी शो 'चिड़ियाघर' में 'मयूरी' के किरदार से दर्शकों को खूब गुदगुदाया था। वह 'सपना बाबुल का... बिदाई', 'संस्कार लक्ष्मी', 'क्राइम पेट्रोल', 'अदालत', 'सावधान इंडिया', 'कुल्फी कुमार बाजेवाला' और 'गुम है किसी के प्यार में' जैसे दर्जनों सुपरहिट शोज का हिस्सा रह चुकी हैं। 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
अमरीश पुरी: बॉलीवुड का वो महानायक जिसने अपने स्वाभिमान के लिए ठुकरा दिया हॉलीवुड