• Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. film pathaan got ua certificate 3 changes in the song besharam rang
Written By WD Entertainment Desk
Last Updated : गुरुवार, 5 जनवरी 2023 (14:19 IST)

शाहरुख खान की 'पठान' को मिला U/A सर्टिफिकेट, 'बेशर्म रंग' गाने में हुए 3 बदलाव

शाहरुख खान की 'पठान' को मिला U/A सर्टिफिकेट, 'बेशर्म रंग' गाने में हुए 3 बदलाव | film pathaan got ua certificate 3 changes in the song besharam rang
बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान की फिल्म 'पठान' का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। लेकिन 'पठान' के गाने 'बेशर्म रंग' के रिलीज के बाद यह फिल्म विवादों में उलझ गई। गाने में दीपिका पादुकोण के भगवा रंग की बिकिनी पहनने पर बवाल मच गया। 

 
'पठान' को लेकर चल रहे विवाद में बीते दिनों सीबीएफएसी की एंट्री हुई थी। सेंसर बोर्ड के चेयरमैन प्रसून जोशी ने पठान के मेकर्स से सेंसर बोर्ड के नियमों के तहत बदलाव करने का आदेश दिया। साथ ही फिल्म रिलीज से पहले गानों में बदलाव करने और उसके संशोधित संस्करण जमा करने के लिए कहा था। 
 
खबरों के अनुसार सेंसर बोर्ड के सुझाव पर 'पठान' के मेकर्स ने फिल्म में कुछ बड़े बदलाव किए है। 'बेशर्म रंग' गाने में बदलाव के साथ-साथ फिल्म के डायलॉग्स में भी कई शब्द बदले गए हैं। 
 
बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के अनुसार 'बेशर्म रंग' गाने में तीन बदलाव किए गए हैं। गाने से दीपिका पादुकोण के क्लोज अप शॉट्स हटाए गए हैं। बहुत तंग किया लिरिक्स के साथ दिखाए गए सेशुअस विजुअल्स को हटाकर दूसरे विजुअल लगाए गए हैं। इसके अलावा दीपिका पादुकोण के साइड पोज को भी हटाया गया है।
 
हालांकि अभी तक यह जानकारी सामने नहीं आई है कि दीपिका पादुकोण के विवादित 'भगवा बिकिनी' के शॉट अभी भी है या हटा दिया गया है। वहीं फिल्म में कई ऐसे डायलॉग्स थे जिन पर सेंसर बोर्ड की कैंची चल गई है। फिल्म में 13 जगह PMO को बदला गया है। 
 
फिल्म में RAW शब्द को बदलकर 'हमारे' इस्तेमाल किया गया है। वहीं स्कॉच की जगह ड्रिंक कहा जाएगा। 'पठान' में 'अशोक चक्र' की जगह 'वीर पुरस्कार' और 'एक्स केजीबी' की जगह 'एक्स एसबीयू' और 'मिसेज भारतमाता' की जगह 'हमारी भारतमाता' भी किए जाने की खबर सामने आई हैं। 
 
'पठान' में इतने सारे बदलाव करने के बाद सेंसर बोर्ड ने इसे U/A सर्टिफिकेट दिया है। यह फिल्म 25 जनवरी को रिलीज होने जा रही है। इस फिल्म में शाहरुख खान के साथ दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम नजर आने वाले हैं। 'पठान' का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद ने किया है।
Edited By : Ankit Piplodiya
ये भी पढ़ें
दीपिका पादुकोण के जन्मदिन पर फैंस को मिला खास गिफ्ट, 'पठान' से नया पोस्टर आया सामने